रोग के उपचार से अधिक महत्वपूर्ण है उसके मूल कारणों को समझना : संजीवन कुमार
आरोग्य भारती झाबुआ शाखा द्वारा एक दिवसीय आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
11 महत्वपूर्ण विषयों पर दिया गया प्रशिक्षण, योग, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का भी हुआ अभ्यास
झाबुआ 19 नवंबर 2026/किसी भी रोग के उपचार से पहले उसके मूल कारणों को समझना आवश्यक है। यदि हम रोग के कारणों को पहचानकर समय रहते सावधानी एवं उचित जीवनशैली अपनाएं, तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यह बात आरोगी भारती के अखिल भारतीय आरोग्य मित्र प्रशिक्षण प्रमुख श्री संजीवन कुमार जी ने आरोग्य भारती झाबुआ शाखा द्वारा जनजाति सशक्तिकरण बड़ा घोसालिया के आरोग्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला में कही।
उन्होंने आरोग्य मित्र की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वास्तविक मित्र वही है, जो आवश्यकता पड़ने पर सहायता के लिए तत्परता से आगे आए। इसी प्रकार आरोग्य मित्र समाज के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा एवं संस्कार का माध्यम बनें। उन्होंने प्रेरणादायी संदेश दिया कि “हर व्यक्ति आरोग्य मित्र बने और हर घर में कम से कम एक आरोग्य मित्र अवश्य हो।”
कार्यक्रम में मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णु सेन कच्छावा ने आरोग्य भारती का परिचय देते हुए संगठन के उद्देश्यों, कार्यपद्धति एवं समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला उन्होने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक जानकारी एवं सेवा का भाव पहुंचाना है।
*11 महत्वपूर्ण विषयों पर दिया गया प्रशिक्षण*
कार्यशाला में स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से जुड़े 11 महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा एवं प्रशिक्षण दिया गया। इनमें प्राथमिक उपचार, घरेलू उपचार, योग, वनौषधि परिचय, सुपोषण, विरुद्ध आहार एवं फास्ट फूड के दुष्प्रभाव, व्यसन एवं नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण (पेड़, पानी, पॉलीथिन एवं स्वच्छता), नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य चिंतन जैसे विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त गर्भ संस्कार विषय पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। इस अवसर पर “स्वच्छता ही स्वास्थ्य का मंत्र है” एवं “मेरा गांव ही मेरा तीर्थ है” जैसे विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
*योग, घरेलू उपचार एवं सीपीआर का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण*
प्रकल्प समन्वयक योगाचार्य दिनेश चाकणकर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं मुद्राओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही विभिन्न आसनों एवं मुद्राओं की उपयोगिता एवं स्वास्थ्य संरक्षण में उनके महत्व की जानकारी देते हुए सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
घरेलू उपचार विषय पर डॉ. प्रतीक्षा हाड़ा ने जानकारी दी। स्वस्थ जीवनशैली विषय पर श्रीमती प्रफुल्ल शर्मा एवं डॉ. चारुलता दवे ने मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं फर्स्ट एड एवं सीपीआर (CPR) का व्यावहारिक प्रशिक्षण डॉ. सागर हाड़ा (MD) द्वारा दिया गया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता एवं सीपीआर के महत्व की जानकारी दी।
*स्वस्थ, जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज निर्माण का संकल्प*
एक दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को यह प्रेरणा दी गई कि स्वास्थ्य केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि उचित आहार, नियमित योग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, संयमित जीवनशैली एवं आध्यात्मिक चिंतन के समन्वय से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
आरोग्य भारती का यह प्रयास समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सेवा का भाव पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रचारक, आरोग्य भारती के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अखिल भारतीय आरोग्य मित्र प्रशिक्षण प्रमुख श्री संजीवन कुमार तथा आरोग्य भारती मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णु सेन कच्छावा , प्रकल्प समन्वयक योगाचार्य दिनेश चाकणकर द्वारा भगवान श्री धन्वंतरि एवं माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर आरोग्य भारती जिला अध्यक्ष डॉ. अल्पित गांधी, प्रांत सचिव डॉ. वैभव सुराणा, जिला सचिव डॉ. राकेश नायक एवं डॉ. सुरेश जैन द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. खुशबू नायक ने किया।