Homeदेशधारा 370 को लेकर कांग्रेस दो फाड़ अब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया...

धारा 370 को लेकर कांग्रेस दो फाड़ अब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया 370 हटाने का समर्थन

नई दिल्ली जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और राज्य के पुनर्गठन को लेकर कांग्रेस पार्टी में दरार बढ़ती जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने सरकार के फैसले का विरोध किया, लेकिन कई बड़े नेताओं ने सरकार के फैसले को सही ठहराया है। राहुल गांधी के करीबी और पार्टी के पूर्व महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इसे भारतीय संघ में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूर्ण विलय और देशहित बताते हुए समर्थन किया है।

जिस समय लोकसभा में कांग्रेस पार्टी विधेयक के विरोध कर रही थी उसी समय पूर्व सांसद सिंधिया ने ट्वीट किया, ‘मैं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के भारतीय संघ में पूर्ण विलय के कदम का समर्थन करता हूं। अच्छा होता यदि संवैधानिक प्रक्रिया को पूरा किया गया होता, तब कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता था। तब भी यह हमारे देश के हित में है और मैं इसका समर्थन करता हूं।

अनुच्छेद 370 हटाए जाने का कांग्रेस नेतृत्व ने विरोध किया है। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिल का विरोध करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को एकतरफा फैसले के चलते टुकड़ों में बांटा गया है, यह संविधान का उल्लंघन है। इस बीच पार्टी में ऐसे नेताओं की लिस्ट लंबी होती जा रही है जो सरकार के फैसले का समर्थन कर रहे हैं। इससे पहले हरियाणा के दीपेंद्र हुड्डा, महाराष्ट्र के मिलिंद देवड़ा से लेकर सीनियर कांग्रेसी जनार्दन द्विवेदी तक कई नेताओं ने अनुच्छेद 370 को हटाने का समर्थन किया है। उधर, असम से पार्टी के राज्यसभा सांसद भुबनेश्वर कलिता ने पार्टी के रुख से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि इस फैसले के साथ देश ने पुरानी गलती सुधारी है तो दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 21वी सदी में अनुच्छेद 370 का औचित्य नहीं है और इसको हटना चाहिए। ऐसा सिर्फ देश की अखंडता के लिए ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर जो हमारे देश का अभिन्न अंग है, के हित में भी है। राहुल गांधी के विश्वस्त माने जाने वाले मिलिंद देवड़ा ने भी संकेतों में इसका समर्थन किया। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments