Homeदेशनहीं रहे दिलीप कुमार प्रधानमंत्री ने कहा सिनेमाई लीजेंड के रूप में...

नहीं रहे दिलीप कुमार प्रधानमंत्री ने कहा सिनेमाई लीजेंड के रूप में याद रहेंगे, शाम 5 बजे दफनाया जाएगा

मशहूर फ़िल्म अभिनेता दिलीप कुमार का 98 वर्ष की आयु में बुधवार को निधन हो गया.  हिंदूजा अस्पताल ने मशहूर फ़िल्म अभिनेता दिलीप कुमार के न रहने की पुष्टि की है.

वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थे और कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. सांताक्रूज़ मुंबई के जुहू क़ब्रिस्तान में शाम 5 बजे उनके शव को दफ़नाया जाएगा.

हिंदूजा अस्पताल के डॉक्टर जलील पालकर ने दिलीप कुमार के निधन की पुष्टि करते हुए  कहा कि उन्होंने बुधवार की सुबह साढ़े सात बजे अंतिम सांस ली.

डॉक्टर जलील ने कहा कि लंबी आयु संबंधी बीमारियों के कारण उनका निधन हुआ है

दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से सुबह 8 बजे उनके निधन की जानकारी ट्वीट की गई. यह ट्वीट उनके पारिवारिक मित्र फ़ैसल फ़ारूक़ी की ओर से किया गया है.

ट्वीट में लिखा है, “भारी मन और गहरे दुख के साथ मैं यह घोषणा कर रहा हूं कि हमारे चहेते दिलीप साब कुछ देर पहले नहीं रहे. हम ख़ुदा की तरफ़ से आए हैं और उसी की ओर लौट जाना है.- फ़ैसल फ़ारूक़ी.”

पीएम मोदी ने बताया सांस्कृतिक दुनिया के लिए नुक़सान

दिलीप कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके इसे सांस्कृतिक दुनिया के लिए नुक़सान बताया है.

उन्होंने ट्वीट में लिखा, “दिलीप कुमार जी को एक सिनेमाई लीजेंड के रूप में याद किया जाएगा. वो अद्वितीय प्रतिभा के धनी थे, जिससे पीढ़ी दर पीढ़ी दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. उनका जाना हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक क्षति है. उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं हैं. RIP.”

पिछले सप्ताह ही दिलीप कुमार के पारिवारिक मित्र फ़ैसल फ़ारुक़ी ने बताया था कि उन्हें उम्र संबंधी चिकित्सकीय समस्याओं के कारण शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दिलीप कुमार को साँस लेने में तकलीफ़ होने के कारण 6 जून को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

‘ट्रेजेडी किंग’ कहलाने वाले दिलीप कुमार ने अपने पाँच दशक लंबे करियर में ‘मुग़ले आज़म’, ‘देवदास’, ‘नया दौर’, ‘राम और श्याम’ जैसी हिट फ़िल्में दीं. वे आख़िरी बार 1998 में आई फ़िल्म ‘क़िला’ में नज़र आये थे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments