नई दिल्ली /भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता,निर्देशक श्री सतीश कौशिक अब हमारे बीच नहीं रहे। अभी हाल ही में चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल के पंचम संस्करण के पोस्टर लॉन्च के समय वे मंचासीन थे।अभिनेता और डायरेक्टर सतीश कौशिक का बुधवार रात 1:30 बजे दिल्ली में अचानक निधन हो गया। वे 66 साल के थे। सतीश कौशिक के भतीजे निशांत कौशिक ने मीडिया को बताया कि उनका निधन हार्ट अटैक से हुआ है। वे दिल्ली में एक फैमिली फंक्शन में शामिल होने आए थे। रात में उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उन्हें डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, इस मामले में दिल्ली पुलिस भी जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि सतीश के निधन की खबर अस्पताल से मिली थी। तबीयत बिगड़ने से अस्पताल तक पहुंचने के वक्त उनके साथ-साथ कौन था, उनके साथ क्या हुआ? इसकी जांच की जा रही है। इन लोगों से पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल दिल्ली के दीनदयाल अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। इसके बाद ही मौत की असल वजह का पता चल पाएगा। फिर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली से मुंबई ले जाया जाएगा। आज दोपहर 3:00 से 6:00 के बीच वर्सोवा के श्मशान में उनका अंतिम संस्कार होगा।
भारतीय चित्र साधना के कार्यों से वह प्रभावित थे और हरियाणा में होने वाले इस फेस्टिवल के लिए बहुत उत्साहित थे। आपका यूं अचानक चले जाना ना केवल भारतीय सिनेमा की अपूर्णीय क्षति है, भारतीय चित्र साधना ने भी एक उत्साही मार्गदर्शक खो दिया है। चित्र भारती के प्रांत सह संयोजक एवं सतपुड़ा फिल्म सोसायटी के उपाध्यक्ष दिनेश चाकणकर , चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार, रविंद्र जगताप,नारायण पिरोनिया मनीष मांझी ने श्री कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।