नई दिल्ली 19 जनवरी 2026/बिहार के युवा नेता और पूर्व मंत्री नितिन नवीन श्रीवास्तव ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान बीजेपी के प्रमुख नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और जेपी नड्डा मौजूद रहे।
उधर दिल्ली की गद्दी पर बैठने वाले नए ‘कप्तान’ के नाम पर मुहर लगाने के लिए राजस्थान से 20 दिग्गजों की लिस्ट जारी की गई है, जो नामांकन प्रक्रिया में प्रस्तावक की अहम भूमिका निभाएंगे।

प्रस्तावक के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ तो कमान संभाल ही रहे हैं, लेकिन सबसे खास बात पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी है। यह साफ संकेत है कि पार्टी नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर के फैसलों में अनुभव को पूरी तवज्जो दे रहा है। दोनों डिप्टी सीएम दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा को भी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में शामिल किया गया है।
निर्विरोध चुनाव की संभावना
बताया जा रहा है कि कल यानी 20 जनवरी को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन ही एकमात्र उम्मीदवार होंगे। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
इधर, नितिन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा, ‘केंद्रीय नेतृत्व को पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम, हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुनकर निकाल लिया। पार्टी के लिए नितिन ने दिन रात मेहनत की। उनकी मेहनत का फल उन्हें मिल गया।’
जानिए कैसे चुना जाता है अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य शामिल हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। लेकिन अगर केवल एक नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं होगी।