ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले मैच में भारत को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा है.
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और गेंदबाज़ी चुनी. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पचास रन से पहले ही पूरा टॉप ऑर्डर पवेलियन लौट गया.
भारत की पारी बारिश के कारण प्रभावित हुई और मैच को कई बार रोकना पड़ा. फिर मैच को पचास ओवर से घटाकर 26 ओवर का कर दिया गया.
तय ओवरों में भारत ने 9 विकेट खोकर सिर्फ़ 136 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुईस नियम के कारण ऑस्ट्रेलिया को 131 रनों का टारगेट मिला.
ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेज़लवुड, मिचेल ओवेन और और मैथ्यू कुनमन ने 2-2 विकेट लिए.
वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 21.1 ओवरों में सिर्फ़ तीन विकेट खोकर विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिचेल मार्श ने सबसे ज़्यादा नाबाद 46 रनों की पारी खेली.
मिचेल मार्श को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया है.