भारत ने लक्ष्य को चुनने में संयम बरतीः रक्षा मंत्रालय
भारत की एयर स्ट्राइक के बाद रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया था कि ‘थोड़ी देर पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की, जिसमें पाकिस्तान और पीओके में स्थित उन आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया गया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की योजना बनाई जा रही थी और उन्हें अंजाम दिया जा रहा था.’ आगे कहा गया कि कुल मिलाकर 9 स्थानों को निशाना बनाया गया है. इसमें स्पष्ट कहा गया है कि हमारा एक्शन गैर-उकसावे वाला है. किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है. भारत ने लक्ष्य को चुनने में संयम बरती है.
‘भारत ने 6 जगहों पर 24 हमले किए’
भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी आर्मी का बयान भी सामने आ गया है. PAK आर्मी ने कहा कि 6 जगहों पर 24 हमले किए गए हैं. इसमें 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं. वहीं, भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद बौखलाया पाकिस्तान LoC पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है. 6-7 मई की रात को पाकिस्तान सेना ने जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अपनी चौकियों से बिना उकसावे के गोलीबारी और तोपखाने से गोले दागे. इस अंधाधुंध फायरिंग और गोलाबारी में तीन नागरिकों की जान चली गई. भारतीय सेना ने इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया है.