पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया।
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा:पत्नी-बेटी और राहुल-प्रियंका ने श्रद्धांजलि दी, पीएम मोदी-राजनाथ भी शामिल होंगे
कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन के अंतिम दर्शन किए। इसके बाद पार्थिव देह को निगमबोध घाट ले जाया जा रहा है।
अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा। 11:35 पर अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
उधर देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार आमने-सामने है। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्रियों की तरह राजघाट के पास अंतिम संस्कार के लिए जमीन की मांग की थी, जहां बाद में उनका स्मारक भी बनाया जाए। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए निगम बोध घाट की जगह तय किया है। साथ ही कहा कि स्मारक के लिए जल्द ही जमीन का आवंटन कर दिया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार रात कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी और इस बारे में उनके परिवार तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने कहा कि ट्रस्ट का गठन किया जाना है और स्थान आवंटित किया जाना है, इस बीच मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं।गृह मंत्रालय ने कहा था कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर दोपहर 12 बजे के करीब किया जाएगा।