ग्वालियर 2 नवंबर 2025 /आगामी 7 नवम्बर को दिल्ली से वृंदावन तक शुरु होने जा रही बाबा बागेश्वर धीरेन्द्र शास्त्री महाराज की सनातन एकता पदयात्रा के खिलाफ दलित पिछड़ा समाज संगठन के नेता दामोदर सिंह यादव द्वारा अपशब्द बोले जाने और विरोध करने की बात को लेकर सवर्ण आर्मी संगठन भड़क उठा है। आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे ने अब सार्वजनिक रूप से श्री यादव की कुटाई पिटाई करने वाले को एक लाख ग्यारह हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि बाबा बागेश्वर दिल्ली से सनातन एकता पदयात्रा शुरू करने वाले हैं। यह यात्रा 131 किलोमीटर की होगी। यात्रा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी और वृंदावन तक जाएगी। बाबा बागेश्वर की इस यात्रा का उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना,सनातन की रक्षा बताया गया है। बाबा बागेश्वर का कहना है कि वह गरीब लोगों तक पहुंचना चाहते हैं, जो किराया न होने के कारण बागेश्वर धाम नहीं आ पाते। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपने धर्म से समझौता नहीं करेंगे।
उनकी इस यात्रा को लेकर दलित पिछड़ा समाज संगठन दलित पिछड़ा समाज, भीम आर्मी आदि से जुड़े नेताओं द्वारा अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए विरोध का ऐलान कर दिया उनके एक नेता दामोदर सिंह यादव द्वारा बागेश्वर धाम और धीरेन्द्र शास्त्री की यात्रा का खुलकर विरोध करने और उनके खिलाफ जमकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसको लेकर बाबा के लाखों भक्त न केवल आहत दिखाई दे रहे हैं बल्कि भड़क उठे हैं।
इसी क्रम में अब सवर्ण आर्मी भी बाबा बागेश्वर की सनातन पद यात्रा के समर्थन में खुलकर सामने आ गई है और उसके मध्यप्रदेश से जुड़े नेता विकास दुबे ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लाइव बोलते हुए ऐलान किया है कि बाबा बागेश्वर और उनकी सनातन पद यात्रा के खिलाफ अपशब्द बोलने वाले दामोदर की कुटाई पिटाई करने वाले को सवर्ण आर्मी एक लाख ग्यारह हजार का इनाम देगी और न्यायालयीन मदद भी करेगी इस घोषणा के बाद माहौल और अधिक गरमा गया है।
सफल रही थी पहली यात्रा,लाखों लोग हुए थे शामिल
बाबा बागेश्वर पूर्व में भी पद यात्रा निकाल चुके हैं वह बेहद सफल रही थी उनकी पहली पदयात्रा 160 किलोमीटर की थी। यह यात्रा नवंबर 2024 में निकाली गई थी। उस यात्रा में भारत और विदेशों से लाखों हिंदू शामिल हुए थे। फिल्म जगत, उद्योग जगत और समाज सेवा से जुड़े लोग भी इस यात्रा में शामिल हुए थे।
चंद्रशेखर आजाद से मिले दामोदर
उधर नगीना से लोकसभा सांसद, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और दलित पिछड़ा समाज संगठन के संस्थापक एवं आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर सिंह यादव की लंबे अंतराल बाद मुलाकात की खबरें हैं। कई घंटों तक चली इस अहम मुलाक़ात दोनों नेताओं ने मध्य प्रदेश के बारे में विस्तृत चर्चा के साथ- साथ बिहार और उत्तर प्रदेश को लेकर भी रणनीति बनाई।
इस मुलाक़ात के बाद यादव ने अपने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा कि मध्य प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव में आधा सेकड़ा से अधिक विधायक सदन में पहुंचना है उसी विषय को लेकर भाई चंद्रशेखर आजाद जी भी गंभीर हैं और मैं भी उसी मिशन में लगा हूं।