Homeप्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में बोले विधानसभा अध्यक्ष तोमर राष्ट्रीय पटल पर...

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में बोले विधानसभा अध्यक्ष तोमर राष्ट्रीय पटल पर गूँज रही है मध्यप्रदेश के विकास की धुन

ग्वालियर में हर्षोल्लास के साथ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह आयोजित

जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बरसे मनमोहक लोकरंग विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित हुए, प्रदर्शनियां भी रहीं आकर्षण का केन्द्र

जिले की विभूतियों का हुआ सम्मान

रक्तदान शिविर भी लगा

ग्वालियर 01 नवम्बर 2025/ देश की अपेक्षाओं के अनुरूप मध्यप्रदेश तेजी के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। निश्चित ही वर्ष 2047 में आत्मनिर्भर विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हो रहे विकास की धुनि राष्ट्रीय पटल पर भी गूँज रही है। मध्यप्रदेश के साथ ग्वालियर भी विकास के नए आयाम तय कर रहा है। इस आशय के विचार विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने व्यक्त किए। श्री तोमर मध्यप्रदेश के 70वे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्वालियर में आयोजित हुए जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सभी को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं।
शनिवार एक नवम्बर को जिला प्रशासन के तत्वावधान में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए भव्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ग्वालियर का नाम रोशन कर रहीं विभूतियों को सम्मानित किया भी गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के वैभव व लोक रंगों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थीं। इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी लगाया गया। जिसमें सेवाभावी नागरिकों ने बढ़चढ़कर रक्तदान किया।

सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि वर्ष 2003 से मध्यप्रदेश में लगातार विकास के नए आयाम जुड़ते जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हुए हैं।
आरंभ में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर सहित अन्य अतिथिगणों ने दीप प्रज्ज्वलन कर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हुआ आयोजन

ग्वालियर में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने मनमोहक रंग बिखेरे। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की छात्राओं ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की विशिष्ट शैली “तराना” में राग बागेश्वरी व झपताल में कथक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में इसके बाद महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि की छात्राओं ने अपनी नृत्यमय प्रस्तुति के माध्यम से पूरे मध्यप्रदेश की सैर कराई। इसके बाद राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विश्व विख्यात मैहर वाद्य वृंद की तर्ज पर वाद्य वृंद की प्रस्तुति के माध्यम से “ग्रामोत्सव” को साकार किया। कोयल की कुहू-कुहू व चिड़ियों का कलरव और ग्रामीण समाज में रचे-बसे नृत्य प्रत्य के कामों से निकलने वाली धुनि वाद्य वृंद की प्रस्तुति में साफ झलक रही थी।

इन विभूतियों का हुआ सम्मान

जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने जिले की पाँच विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे अभिनव शर्मा, स्पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) में चयनित प्रदेश के पहले बॉक्सर प्रिंस यादव, सबसे कम उम्र में अपने माता – पिता के साथ माउण्ट एवरेस्ट आधार शिविर में पहुँचने का कीर्तिमान बना चुके कंदर्प शर्मा व रितिका शर्मा एवं श्रीमती ममता शर्मा व भूपेंद्र शर्मा, उदयीमान कथक नृत्यांगना डॉल जयेश कुमार एवं देहदान का संकल्प ले चुके श्री अशोक मजूमदार शामिल हैं।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

स्थापना दिवस समारोह में सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक श्री मोहन सिंह राठौर व श्री साहब सिंह गुर्जर, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, संत ऋषभदेवानंद महाराज, संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर श्री जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत एवं अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम व श्री सी बी प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी, लोकतंत्र सेनानी, महाविद्यालयीन व स्कूली विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments