Homeग्वालियर अंचलबेंगलुरु से ग्वालियर पहुंचे हवाई जहाज में बैठे यात्रियों की बन आई...

बेंगलुरु से ग्वालियर पहुंचे हवाई जहाज में बैठे यात्रियों की बन आई जान पर घबराहट में छूटा पसीना

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ी विमान दुर्घटना टल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु से आ रही एयर इंडिया (Air India) की बोइंग फ्लाइट फ्लाइट IX2742 की लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या आ गई थी. इस घटना के बाद यात्रियों में घबराहट और तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी. बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है, जब फ्लाइट ग्वालियर के राजमाता विजया राजे सिंधिया एयरपोर्ट पर पहुंची. जैसे ही विमान लैंडिंग की प्रक्रिया में था, यात्रियों को एक जोरदार झटका महसूस हुआ, जिससे उनकी घबराहट बढ़ गई.

घटना शनिवार दोपहर की है. एयर इंडिया की बोइंग फ्लाइट सुबह 10:50 बजे बेंगलुरु से ग्वालियर के लिए रवाना हुई थी. लगभग 1:30 बजे फ्लाइट ने ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, लेकिन इसी दौरान बेहद तेजी से झटका लगा. इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते, विमान ने दोबारा टेक ऑफ कर लिया. इसके बाद कुछ सेकंड्स में ही फ्लाइट की दोबारा लैंडिंग कराई गई, जो पहली से भी ज्यादा खतरनाक थी. यात्रियों के अनुसार, पायलट या क्रू की ओर से किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी गई, जिससे घबराहट और बढ़ गई.

घटना के बाद विमान में मौजूद कई यात्रियों ने एयर इंडिया की सुरक्षा व्यवस्था और सेवाओं पर सवाल उठाए. एक यात्री ने नाराजगी जताते हुए कहा, “अगर कुछ हो जाता तो एयर इंडिया माला, अगरबत्ती चढ़ाती और पैसे दे देती.” एक महिला यात्री ने बताया कि “लैंडिंग के दौरान लाइफ जैकेट्स तक सीट से बाहर आ गई थीं, जिससे यात्रियों में और डर फैल गया.” एक अन्य पैसेंजर ने आरोप लगाया कि “फ्लाइट के अंदर पायलट द्वारा किसी तरह का कोई कम्युनिकेशन नहीं किया गया.”

कई यात्रियों ने तकनीकी खराबी की आशंका जताई है. एक यात्री के अनुसार, “लैंडिंग के समय प्लेन की दाएं विंग का एक पोर्शन नहीं खुला, जो स्पीड कंट्रोल करने के लिए जरूरी होता है. इसके अलावा, विमान की गति भी असामान्य रूप से तेज थी और लैंडिंग बिलकुल भी स्मूथ नहीं थी.” घटना के बाद सभी यात्रियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को लिखित शिकायत सौंपी है और एयर इंडिया से जवाब मांग रहे हैं. यात्रियों ने यह भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कड़ी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments