नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे हैं। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता राहुल गांधी पर भी करारा हमला बोला है। निशिकांत दुबे ने कहा, “कांग्रेस पागलों की जमात है। पागलों के बारे में क्या चर्चा की जाए? राहुल गांधी पागल हैं, और खरगे भी पागल हैं।
पटना में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है।
बीजेपी ने क्या कहा?
बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।”