19वां निशुल्क सकल ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 25 दिसंबर को होगा,परिचय सम्मेलन के लिए 105 पंजीयन फार्म वितरित
ग्वालियर, 2 नवंबर2026/ सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा आयोजित 19वें निशुल्क सकल ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन के पंजीयन का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान से श्रीगणेश पूजन एवं भगवान शिव के अभिषेक के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संत सच्चिदानाथ ढोलीबुआ महाराज ने कहा कि सनातन वैदिक परंपरा में गृहस्थाश्रम को चारों पुरुषार्थ धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति का महत्वपूर्ण माध्यम माना गया है। गृहस्थ जीवन ही इन पुरुषार्थों को साधने का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिक भी भारतीय सनातन धर्म और परंपराओं में आस्था रखने वाले लोगों के साथ विवाह करने के इच्छुक रहते हैं। भारतीय संस्कृति में दाम्पत्य जीवन के प्रति समर्पण और जीवनभर साथ निभाने की भावना विशेष महत्व रखती है। उन्होंने समाज से विदेशी संस्कृति के अंधानुकरण से बचने तथा सनातन संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव परमार्थ और समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। समाज की एकजुटता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
महासमिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज ने बताया कि 19वां निशुल्क सकल ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 25 दिसंबर को श्रद्धेय श्री जगदीश शर्मा सभागार, चेम्बर ऑफ कॉमर्स भवन, अचलेश्वर मंदिर के पास, लश्कर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों के तहत अब तक 105 पंजीयन फार्म वितरित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से डॉ. ओ.एन. कौल एवं श्री किशन मुदगल को सम्मेलन का मुख्य संरक्षक तथा श्री रामनारायण मिश्रा को स्वागताध्यक्ष बनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासमिति के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा ने की। मंच पर ज्वाइंट कमिश्नर परिवहन विनोद भार्गव, संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज, सर्व ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष रामनारायण मिश्रा तथा कश्मीरी ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष डॉ. ओ.एन. कौल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य आचार्य पंडित ब्रह्मदत्त पांडेय शास्त्री एवं गिरिराज गुरुजी के आचार्यत्व में भगवान शिव का अभिषेक किया गया। यजमानों ने 108 बेलपत्र, 11 धतूरे, बेलफल, दूध, दही, घी, शहद, गन्ने का रस, शक्कर, गंगाजल एवं पांच नदियों के जल से अभिषेक कर समाज की सुख-समृद्धि, शांति तथा परिचय सम्मेलन की सफलता एवं भव्य आयोजन की कामना की।
कार्यक्रम में महामंत्री डॉ. मुन्नालाल शर्मा, स्वागत मंत्री के.बी. दुबे एवं संयुक्त अध्यक्ष संगीता शर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संचालन संजय शर्मा काले एवं डॉ. मुन्नालाल शर्मा ने किया। आभार जितेंद्र शर्मा एवं रामकौशल ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुधा दीक्षित, शैलेंद्र दीक्षित, निशा राय, संध्या तिवारी, उमेश पाठक, देवेंद्र कुमार पाठक, तरुण, लता गानालाल, मथुरा, योगेश पाराशर, माया, मुकेश भारद्वाज, अंजू दीक्षित, संगीता शर्मा सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।