भाजपा को वटवृक्ष बनाने में पातीरामजी जैसे तपोनिष्ठ व्यक्तित्वों का योगदान : सांसद शेजवलकर

ग्वालियर/ वरिष्ठ भाजपा नेता और लोकप्रिय समाजसेवी स्व. पातीराम जैन की 22 वी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और श्रमवीर सम्मान समारोह का आयोजन आज सुबह भाजपा के जिला मुख्यालय मुखर्जी भवन बाडे पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर आयोजित श्रमवीर सम्मान समारोह की २२वीं कड़ी में उन मेहनतकश मजदूरों, कामगारों को सम्मानित किया गया जो विगत कई दशकों से मेहनत, ईमानदारी व कर्मठता के साथ अपने कर्मक्षेत्र में तनमयता से जुटे हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने भावपूर्ण उदबोधन में स्व. श्री पातीराम जी जैन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज हम भाजपा का जो विहंगम वटवृक्ष स्वरूप देख रहे हैं वह स्व. श्री पातीराम जी जैसे तपोनिष्ठ व कर्मठ दिवंगत कार्यकर्ताऔ और नेताओं के दिन रात के परिश्रम का ही सुफल है। उन्होंने स्मरण करते हुए कहा कि स्व पातीराम जी उनके पिता स्व. नारायण कृष्ण जी शेजवलकर के सहयोगी एवं मित्र थे, इस नाते हमारे उनसे पारिवारिक संबन्ध थे। सांसद श्री शेजवलकर ने कहा कि मैंने एक कनिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में स्व पातीराम जी जैसे वरिष्ठ अनुभवी नेता से राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में काफी कुछ सीखा जो मेरे जीवन की अनमोल धरोहर है।
भाजपा के जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी ने स्व श्री पातीराम जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे पार्टी के लिए इतना कुछ कर गए हैं कि पार्टी की वर्तमान से लेकर भावी पीढ़ियों तक के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत बने रहेंगे। उनके दिखाए पथ पर चलकर पार्टी को मजबूत बनाना और ग्वालियर के विकास के प्रति उनकी सोच को जमीन पर साकार करना हम सभी का दायित्व है।
पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाराम बघेले ने कहा कि यह उनके लिए गौरव की बात है कि उन्हें चाचा यानि स्व पातीराम जी के साथ पार्टी में काम करने का सुअवसर मिला। वे जब पहली बार पार्षदी का चुनाव लड़े और फिर पार्टी ने संगठन का काम सौंपा, तब पातीराम जी ही उनके मार्गदर्शक थे। ग्वालियर नगर निगम के पूर्व सभापति बृजेन्द्र सिंह जादौन लालजी ने दिवन्गत नेता से जुड़े कई मधुर स्मरणों को ताजा करते हुए बताया कि पातीराम जी ग्वालियर नगर निगम में एल्डरमेन और जीडीए में डायरेक्टर रहे। इन दोनों भूमिकाओं में काम करते हुए उन्होंने आधुनिक ग्वालियर के विकास की नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जीडीए के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि स्व. श्री पातीराम जी संगठन के दायित्व निभाते वक़्त छोटे और बड़े सभी कार्यकर्ताओं की समान रूप से फिक्र करते थे। इसीलिए नई पीढी़ का पार्टी से आत्मीय लगाव होता था। पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता एवं पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनियाँ ने भी भावुक श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सम्मानित किए गए ये श्रमवीर
चूंकि स्व पातीराम जैन एक राजनेता एवं समाजसेवी होने के साथ ही सफल उद्यमी भी थे और अपनी सफलता का श्रेय मजदूरों, कामगारों को देते हुए समाज के इस परिश्रमी वर्ग के प्रति अत्यधिक आत्मीय लगाव रखते थे, लिहाजा उनकी पुण्य तिथि पर आज आयोजित श्रमवीर सम्मान समारोह में कर्मठ मजदूरों, श्रम वीरों, कामगारों को सम्मानित कर समाज के प्रति उनके द्वारा की जा रही सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त की गई। अतिथियों ने समारोह में दिव्यांग श्रमवीर दंपत्ति नेहा शुक्ला, अंकित शुक्ला (कम्प्यूटर ऑपरेटर), पुष्पा वर्मा (मशीन ऑपरेटर), जितेंद्र जैन (मशीन ऑपरेटर), शिवचरण कुशवाह (पेंटर), श्रीकृष्ण झा, हरीसिंह भदौरिया, विजय जैन (पल्लेदार) को शॉल, श्रीफल एवं सम्माननिधि भेंट कर श्रमवीर सम्मान से अलंकृत किया। नेहा विश्वकर्मा ने श्रमपथ पर अपनी संघर्षयात्रा के प्रेरणामयी अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे मदद संस्था के डाॅ प्रवीण अग्रवाल ने विगत २२ वर्ष से निरंतर आयोजित हो रहे इस आयोजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि
ग्वालियर के नागरिकों व समाजसेवियों के साथ मेहनतकश वर्ग को इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार रहता है। आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम संयोजक निर्मल जैन ने बताया कि स्व श्री पातीराम जी जैन की पुण्य स्मृति में पीड़ित मानवता की सेवा, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के भी आयोजन होंगे।
कार्यक्रम में विवेक जोशी, अशोक बाँदिल, जयप्रकाश मिश्रा, संजय चुग, तीरथ मिश्रा, जयवीर भारद्वाज, महेश जायसवाल, लघु उद्योग भारती के आदेश बंसल, भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी दीपक अग्रवाल, हरीदास अग्रवाल, कुशलचन्द जैन, पवन गणफुले, राकेश जैन, नरेंद्र मंगल, राजेश्वर राव, मुकेश दांगी, दिनेश बांदिल, जयंत शर्मा, आदेश गुप्ता, शेखर जैन, हेमन्त शर्मा, संदीप बंसल, महेंद्र जैन मोहना सहित सभी राजनीतिक कार्यकर्ता, सुधी नागरिक, समाजसेवी उपस्थित थे। सभी ने स्व. श्री पातीराम जी जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।