बीजेपी के संकल्प पत्र को 24 वर्गों में बांटा गया है. इसमें सुशासन, देश की सुरक्षा, स्वच्छ भारत, खेलों का विकास, पर्यावरण से जुड़ी हुई बातें शामिल हैं.
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया है. पार्टी ने घोषणापत्र को ‘मोदी की गारंटी संकल्प पत्र’ का नाम दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में बीजेपी ने घोषणापत्र जारी किया.
पीएम मोदी ने पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ जारी करते हुए कहा, ‘’पूरे देश को बीजेपी के घोषणापत्र का इंतजार रहता है. इसकी बड़ी वजह ये है कि बीजेपी ने हर गारंटी को पूरा किया है.’’
‘’ये संकल्प पत्र चार वर्गों युवा शक्ति, महिला शक्ति, किसान और गरीबों को सशक्त करता है. हमने बड़ी संख्या में रोजगार बढ़ाने की बात की है. युवा भारत की युवा उम्मीदों की छवि बीजेपी के घोषणापत्र में है.’’
उन्होंने कहा कि बीजेपी यूनिफॉर्म सिविल कोड को बेहद ही महत्वपूर्ण समझती है.
संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह क्या बोले
रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, “जो हम कहते हैं वो हम करते हैं.”
उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने का वादा था, उसे पूरा किया. महिलाओं को आरक्षण दिलाने का वादा किया था, उसको हमने पूरा किया है.”
बीजेपी के नए संकल्प पत्र को 24 वर्गों में बांटा गया है. इसमें सुशासन, देश की सुरक्षा, स्वच्छ भारत, खेलों का विकास, पर्यावरण से जुड़ी हुई बातें शामिल हैं.
रक्षा मंत्री ने दावा किया कि मोदी की गारंटी 24 कैरेट के सोने जितनी खरी है.
ख़ास बातें-
- वन नेशन, वन इलेक्शन और कॉमन इलेक्टोरल रोल की भी व्यवस्था आएगी
- अगले पांच सालों तक मुफ्त राशन, पानी, गैस कनेक्शन, पीएम सूर्य घर से ज़ीरो बिजली बिल की व्यवस्था
- आयुष्मान भारत से पांच लाख का तक मुफ्त इलाज मिल रहा है, यह आगे भी मिलता रहेगा
- मध्यम वर्ग के परिवारों को पक्के घर देंगे
- पेपर लीक पर बड़ा कानून बना है, उसे लागू करेंगे
- नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होगी
- 2036 में ओलंपिक की मेज़बानी करेंगे
- युवाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप, स्पोर्ट्स, इन्वेस्टमेंट, हाई वैल्यू सर्विस और टूरिज्म के ज़रिए लाखों रोज़गार के अवसर पैदा करेंगे
- एक करोड़ बहनें लखपति दीदी बन गई हैं, आगे तीन करोड़ को बनाएंगे
- नारी वंदन अधिनियम को लागू करेंगे
- बीज से बाज़ार तक किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास करेंगे. श्रीअन्न को सुपरफूड की तरह स्थापित करेंगे, नेनो यूरिया और प्राकृतिक खेती से ज़मीन की सुरक्षा करेंगे
- मछुआरों के जीवन छूते हर पहलू, जैसे कि नाव का बीमा, फिश प्रोसेसिंग यूनिट, सैटेलाइट द्वारा समय पर जानकारी, इन सभी को मज़बूत करेंगे
- मछली पालकों को सी-वीड और मोती की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करेंगे
- गिग वर्कर्स, टैक्सी ड्राइवर, ऑटो ड्राइवर, घरों में काम करने वाले श्रमिक, माइग्रेंट वर्कर्स, ट्रक ड्राइवर, कुली, सभी को ई-श्रम से जोड़ेंगे और कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाएंगे
- तिरुवल्लुवर कल्चरल सेंटर के ज़रिए भारत की संस्कृति को विश्व में ले जाएंगे
- भारत की क्लासिकल भाषाओं के अध्ययन की व्यवस्था उच्च शिक्षण संस्थाओं में करेंगे
- 2025 को जनजातीय गौरव वर्ग के रूप में घोषित करेंगे
- एकलव्य स्कूल, पीएम जनमन वन उत्पादों में वैल्यू एडिशन और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देंगे
- ओबीसी, एससी और एसटी समुदाय को जीवन के हर क्षेत्र में सम्मान देंगे