भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो गई है। तीन मैचों की टी20 सीरीज 21 नवंबर से खेली जानी है और इसके बाद 6 दिसंबर से चार मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने दौरे पर रवाना होने से पहले इस दौरे को लेकर काफी बातें की। इस दौरान उनकी सबसे बड़ी चिंता भी सामने आई।
विराट ने कहा, ‘ हमारे गेंदबाज इस समय लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और ये बात इंग्लैंड दौरे में सामने आई थी। बल्लेबाजों को ही अपना फोकस सुधारना होगा और टीम के लिए रन बनाने होंगे।’ इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज के दौरान गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन विराट को छोड़कर बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया था। विराट को भी टीम की इस कमी के बारे में पता है और यही उनकी चिंता भी है। विराट ने कहा, ‘इस दौरे पर हमारा फोकस इस बात पर रहेगा कि बल्लेबाज एक यूनिट के तौर पर अच्छा प्रदर्शन करें।’