आरएसपुर/ भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह उस समय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया, जब तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवक से पूछताछ करने पर उसके पाकिस्तानी नागरिक होने का पता चला ग्रामीणों ने उसे पुलिस पोस्ट सई कलां के हवाले कर दिया। पूछताछ के लिए अरनिया पुलिस स्टेशन ले गई। पकड़े गए युवक के पास से पाकिस्तानी मुद्रा मिलने की भी जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर किसी पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का यह पहला मामला है।