Homeप्रमुख खबरेंतानसेन समारोह में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका साधना सरगम बिखेरेंगी संगीत...

तानसेन समारोह में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका साधना सरगम बिखेरेंगी संगीत की स्वर लहरियां होंगी 10 संगीत सभाएँ

 

देश का सर्वाधिक प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” 14 से 19 दिसम्बर तक

ग्वालियर 21 नवम्बर 2026/ ब्रम्हनाद का शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में इस साल 14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा।

तानसेन संगीत समारोह की मुख्य सभाओं से एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर की सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप हजीरा स्थित इंटक मैदान में उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” का आयोजन होगा। गमक सभा में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका सुश्री साधना सरगम की प्रस्तुति होगी। उनके द्वारा गाये गए “पहला नशा पहला खुमार”, “सात समुंदर पार”, “चंदा रे चंदा”, “सलाम ए इश्क”, “अंगना में बाबा” और “दर्द करारा” जैसे फिल्मी गीत संगीत एवं सिने प्रेमियों में खासे लोकप्रिय हुए थे।

इनके अलावा उन्होंने अन्य कई फिल्मी गीतों सहित लोकप्रिय भजनों का भी गायन किया है। साधना सरगम जी ने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, तमिल व तेलगु सहित कई भाषाओं के गीत गाये हैं। साधना सरगम महाराष्ट्र के विख्यात दाभोल सांगीतिक घराने से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने मात्र 4 वर्ष की आयु में गाना शुरू कर दिया था। जब वे 6 वर्ष की थीं, तभी उन्होंने दूरदर्शन के लिये “सूरज एक, चंदा एक, तारे अनेक” गीत गाया था।

निजी संस्थानों में भी सजेंगीं पूर्वरंग संगीत सभायें

इस साल के तानसेन संगीत समारोह के मुख्य आयोजन से पहले पूर्वरंग की श्रृंखला में 10 संगीत सभायें सजेंगीं

15 दिसम्बर को प्रात:काल पारंपरिक ढंग से एवं सायंकाल होगा औपचारिक शुभारंभ

102वे तानसेन समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। सायंकाल समारोह की मुख्य सभाओं के लिए बनाए गए भव्य मंच पर औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है। हर साल की तरह वादी-संवादी कार्यक्रम भी होंगे। चित्रकला पर केन्द्रित कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने के लिये भी आयोजन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है।

मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं, बेहट और गूजरी महल में भी गूँजेंगे सुर

तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments