ग्वालियर/ उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को सराफा बाजार, महाराज बाड़ा सहित आसपास के बाजारों का भ्रमण कर व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारी बंधुओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि ग्वालियर के व्यापारियों का उत्साह, अपनापन और स्नेह सदैव प्रेरणादायक रहा है।
मंत्री श्री कुशवाह ने इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में लागू किए गए जीएसटी संशोधनों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नए संशोधनों के तहत जीएसटी प्रणाली को और सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे व्यापारी वर्ग और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ और बचत के नए अवसर मिल रहे हैं।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि “सरकार का उद्देश्य व्यापार को सुगम बनाना और उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा प्रदान करना है। सभी व्यापारी बंधु उत्साहपूर्वक त्यौहार मनाएं, यही मेरी शुभकामना है।”
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर एवं पार्षद श्री अनिल सांखला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंत्री श्री कुशवाह के साथ थे।