भोपाल/ग्वालियर / भारतीय जनता पार्टी पिछले 8 महीने में विपक्ष की भूमिका में रहते हुए आज पहली बार कमलनाथ सरकार की नाकामियों के खिलाफ प्रदेश भर में आंदोलन कर रही है| पार्टी ने घंटानाद कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में सड़क पर उतरकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की रणनीति बनाई है| भोपाल ,ग्वालियर समेत अन्य जिलों में हजारों की संख्या में घंटा, शंख मंजीरा
लेकर भाजपाई सड़क पर उतरे| हालांकि भोपाल में बारिश ने भाजपा के इस प्रदर्शन में खलल डाला| वहीं विपक्ष के जवाब में कांग्रेस भी ढोलक बजाकर कमलनाथ सरकार की उपलब्धियां गिना रही है, वहीं सभी कांग्रेस प्रवक्ता जिलों में प्रेसवार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे|
प्रदेश भाजपा कार्यालय ने घंटानाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेताओं की बाकायदा ड्यृटी लगाई थी। ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भरा हुआ है। ऐसी स्थिति में भाजपा कार्यकर्ता घंटे, शंख, मंजीरे, थालियां लेकर नहीं निकल पाए। ग्वालियर की बात करें तो यहां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार कार्यकर्ता नेता एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। बहुत सारे नेता कार्यकर्ता मथुरा में प्रधानमंत्री मोदी के
कार्यक्रम में जाने के कारण नजर नहीं आए। कुछ जिलों में सिर्फ खानापूर्ति की गई। घंटानाद आंदोलन के जरिए भाजपा जनता को यह बताना चाहती है है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनता को ठगा है। प्रदेश में किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ, बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा,
बिजली बिल आधा नहीं हुआ। सड़कों की दुर्दशा हो गई है। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस सरकार की सदबुद्धि के लिए भी
भाजपा सड़क पर उतरेगी। भाजपा ने नया नारा दिया है ‘मप्र बचाओ-कांग्रेस सरकार भगाओ’।




