मुंबई 21 अगस्त 2026/महात्मा गांधी के हाथ से लिखे दुर्लभ नोट्स का एक संग्रह मुंबई में हुई नीलामी में 16.2 करोड़ रुपए में बिका है.
इन नोट्स को स्वतंत्रता सेनानी और गांधी के करीबी सहयोगी आनंद टी. हिंगोरानी के परिवार ने संभालकर रखा था. इस संग्रह में गांधी के हाथ से लिखे 688 संदेश शामिल हैं.
ये संदेश साल 1944 से 1946 के बीच लिखे गए थे और इनमें सत्य, अहिंसा और आत्मसंयम जैसे विषयों पर गांधी के विचार हैं.
नीलामी कराने वाली कंपनी सैफ्रनआर्ट के मुताबिक, इस बिक्री के साथ ही किसी भारतीय ऐतिहासिक दस्तावेज के लिए नीलामी में चुकाई गई सबसे ज़्यादा क़ीमत का रिकॉर्ड बना है.
गांधी ने ब्रिटिश शासन के ख़िलाफ़ भारत के अहिंसक स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया था और उन्हें भारत के राष्ट्रपिता के रूप में सम्मान से याद किया जाता है. हालांकि, ये हाथ से लिखे नोट्स राजनीतिक नेता के बजाय गांधी के व्यक्तिगत और भावनात्मक पक्ष की झलक देते हैं.
गांधी ने हिंगोरानी की पत्नी विद्या की मौत के बाद करीब दो साल तक उन्हें पत्र और संदेश लिखे. इन संदेशों में उन्होंने हिंगोरानी को सलाह, सांत्वना और हौसला दिया. बाद में इन संदेशों को ‘अ थॉट फॉर द डे’ नाम की क़िताब में संकलित किया गया.