मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने कहा है कि देवी काली डॉक्यूमेंट्री की डायरेक्टर लीना मणिमेकलाई के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और उनके ख़िलाफ़ आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही है.
नरोत्तम मिश्र ने इस संबंध में एक वीडियो संदेश ट्वीट किया है. उन्होंने इस वीडियो में कहा, “फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई को 24 घंटे के भीतर फिल्म ‘काली’ का विवादित पोस्टर हटाने व माफी मांगने की समझाइश दी गई थी. ऐसा नहीं होने पर भोपाल में उनके खिलाफ़ धारा 295ए के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. अब विधि-विशेषज्ञों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
कनाडा स्थित लीना मणिमेकलाई ने पिछले सप्ताह शनिवार को अपनी डॉक्यूमेंट्री ‘काली’ का एक पोस्टर ट्वीट किया था जिसके बाद इस मामले पर विरोध हो रहा है.
इससे पहले भोपाल में ही देवी काली को लेकर विवादित टिप्पणी करने की वजह से टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया गया है.