भाजपा प्रदेश अनुशासन समिति का गठन, बाबूसिंह रघुवंशी बने संयोजक, पांच सदस्य नियुक्त
हेमंत खंडेलवाल ने जारी किया नियुक्ति आदेश, सांसद संध्या राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भोपाल, 20 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश संगठन ने प्रदेश अनुशासन समिति का गठन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने 20 नवंबर 2026 को समिति के गठन संबंधी नियुक्ति आदेश जारी किया। इसमें ग्वालियर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके अभय चौधरी को सदस्य बनाया गया है गौरतलाब है कि श्री चौधरी अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद से प्रदेश की सत्ता अर्थात किसी शासी निकाय में नियुक्ति की जुगाड़ में थे लेकिन अब उन्हें संगठन की अनुशासन समिति में सदस्य बनाए जाने के बाद इसकी संभावना कम हो गई है।

जारी आदेश के अनुसार, पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष बाबूसिंह रघुवंशी को प्रदेश अनुशासन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।
समिति में पांच सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, पूर्व विधायक देवी लाल धाकड़, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, भिंड सांसद संध्या राय तथा बेरसिया विधायक विष्णु खत्री शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जारी नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी विवेक कुमार देव, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, सांसद एवं राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर को भी भेजी गई है।
पार्टी की इस समिति में अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। समिति के गठन को प्रदेश संगठन में अनुशासन एवं संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।