HomeVideoमुख्यमंत्री चौहान ने लिया बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा

मुख्यमंत्री चौहान ने लिया बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा

मुख्यमंत्री ने कहा बाढ़ प्रभावितों की मदद में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी ,मुख्यमंत्री ने मुरैना जिले के बाढ़ राहत कैम्प में प्रभावितों से की आत्मीय चर्चा

 

ग्वालियर / मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुरैना, भिण्ड और श्योपुर के लगभग 100 गाँव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावितों की हर संभव मदद के लिये प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। संकट है, मुश्किल है और परेशानियाँ भी हैं, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। संकट की इस घड़ी में सरकार उनको हर संभव मदद करेगी। प्रभावित लोगों को राहत कैम्पों में लाकर उनकी सभी व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। सभी प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कराकर जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई मध्यप्रदेश सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार की देर शाम हैलीकॉप्टर से मुरैना पहुँचे और मुरैना जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर अम्बाह तहसील के समीप ग्राम कुथियाना पहुँचे और राहत कैम्पों में रह रहे लोगों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने राहत कैम्पों में रह रहे लोगों को आश्वस्त किया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पूरी सरकार और मैं स्वयं भी आपके साथ संकट की घड़ी में खड़ा हूँ। आपको हुए हर नुकसान की भरपाई की जायेगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं उद्यानिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि प्रभावितों की मदद के लिये स्थायी और अस्थायी रूप से कार्य किए जायेंगे। शीघ्र ही जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करेगा। उन्होंने यह भी निर्देश अधिकारियों को दिए कि सर्वेक्षण का कार्य पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। सर्वेक्षण में न केवल मकान बल्कि पशु, खाद्य सामग्री एवं फसल का भी सर्वेक्षण कराया जाए। सर्वेक्षण के आधार पर जो भी नुकसान हुआ होगा वह प्रभावितों को मध्यप्रदेश सरकार प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से यह भी आह्वान किया कि जिन गाँवों में हर वर्ष या बार-बार बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, उन गाँव के निवासियों की सहमति के आधार पर उन्हें ऊँचें स्थान पर बसाने का कार्य भी किया जायेगा। ऐसे स्थानों पर लोगों को आवास निर्माण करने की मदद भी प्रदान की जायेगी। इसके साथ ही बिजली, पानी और मूलभूत सुविधायें भी सरकार मुहैया करायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर से भी चर्चा हुई है, वे स्वयं भी आपके मध्य पहुँचेंगे। केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार आपकी मदद में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह से भी कहा कि वे ऐसे बाढ़ प्रभावित गाँव जहां बार-बार बाढ़ का पानी भर जाता है, उन्हें ऊँचे स्थान पर बसाने के लिये आम सहमति से बसाने की कार्रवाई प्रशासन से कराएँ। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों से कहा है कि बाढ़ का पानी जब तक नहीं उतर जाता है तब तक राहत कैम्पों में ही रहें।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को ट्रांजिट विजिट पर वायुमार्ग से ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पधारे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्वालियर एवं चंबल संभाग में अतिवृष्टि व बाढ़ से प्रभावित गाँवों का जायजा लेने के लिए संभाग के दौरे पर आए हैं। भोपाल से उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह भी उनके साथ आए हैं।

विमानतल से मुख्यमंत्री श्री चौहान हेलीकॉप्टर से भिंड व मुरैना जिले के बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा लेने के लिए रवाना हुए। उनके साथ राज्य मंत्री श्री कुशवाह भी भ्रमण पर गए हैं।
विमानतल पर नगर निगम सभापति श्री मनोज सिंह तोमर, पूर्व विधायक श्री मदन कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजनी तथा सर्वश्री विनोद शर्मा, राजू सेंगर व दीपक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे व एडीएम श्री इच्छित गढ़पाले सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments