कांग्रेस के संगठन चुनावों की शुरुआत हो गई है और फिलहाल चर्चा इस बात की है कि आखिर पार्टी का नया अध्यक्ष कौन होगा। सोनिया गांधी उम्रदराज हैं और स्वास्थ्य की समस्याओं से भी पीड़ित रहती हैं। ऐसे में कांग्रेस को कोई नया अध्यक्ष मिलेगा, इसकी उम्मीद की जा रही है। लेकिन अब तक इस पर कोई फैसला नहीं हो सका है कि कौन अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेगा। इस बीच कांग्रेस की ओर से 28 अगस्त को एक बैठक बुलाई गई है। इस मीटिंग में कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव का शेड्यूल तय किया जाएगा।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस कार्यसमिति की वर्चुअल मीटिंग बुलाई गई है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर बात होगी और उसे मंजूरी दी जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस मीटिंग की अध्यक्षता करेंगी। बता दें कि कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। राहुल गांधी ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ने में रुचि नहीं जताई है। इसके अलावा किसी और नेता ने भी ऐसी इच्छा जाहिर नहीं की है। नेताओं की ओर से भी राहुल गांधी से इतर किसी नाम का प्रस्ताव नहीं दिया गया है।