छात्रावास की सुविधाएँ, सुरक्षा व्यवस्था एवं पढ़ाई के बारे में ली जानकारी
ग्वालियर / आज ग्वालियर के गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ डॉ. आर के एस धाकड़ ने एक अनूठा प्रयोग करते हुए चिकित्सा की पढ़ाई करने वालों से सीधा संवाद किया लिखने में कोई अतिश्योक्ति नहीं होना चाहिए कि यदि इस तरह से देशभर के मेडिकल कॉलेज में डीन और भावी डॉक्टरों के बीच संवाद की परंपरा शुरू की जाए तो इसके तमाम सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।

डीन डॉ धाकड़ ने चर्चा में साफ किया कि चिकित्सा की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी अपनी समस्यायें खुलकर बताएँ। अधिष्ठाता सहित सभी प्राध्यापकों व आचार्यगणों को अपना स्थानीय अभिभावक समझें। आप सबकी हर समस्या का समाधान किया जायेगा।
अधिष्ठाता डॉ. धाकड़ ने चिकित्सा विद्यार्थियों से चर्चा कर छात्रावास की सुविधाएँ व सुरक्षा व्यवस्था तथा पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही भरोसा दिलाया कि हर समस्या का समाधान पूरी शिद्दत के साथ किया जायेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप सब भविष्य के चिकित्सक हैं। इसलिए अपने व्यवहार व बोलचाल में संवेदनशीलता का समावेश करें, जिससे आप सब उत्कृष्ट चिकित्सक बन सकें।
जीआर मेडीकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. धाकड़ द्वारा महाविद्यालय के चिकित्सा विद्यार्थियों से लगातार संवाद कर उनकी कठिनाईयाँ व समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने शनिवार को सेकेंड प्रोफ एमबीबीएस के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। समस्याओं के समाधान की इस पहल से चिकित्सा छात्र काफी संतुष्ट और प्रसन्नचित नजर आए।