ग्वालियर 25 अगस्त 2026/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से युवाओं में राष्ट्रबोध, सामाजिक उत्तरदायित्व और कर्तव्य भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 26 अगस्त 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे बाल भवन, सिटी सेंटर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री प्रवीण जी गुप्त युवाओं से संवाद करेंगे। संघ की ओर से जारी आमंत्रण पत्र में कहा गया है कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज जीवन के विभिन्न विषयों पर युवाओं के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, आज का युवा केवल भविष्य का निर्माता ही नहीं, बल्कि वर्तमान का भी महत्वपूर्ण भागीदार है। उसके विचार, चरित्र और नेतृत्व क्षमता समाज एवं राष्ट्र की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से ‘युवा संवाद’ के माध्यम से युवाओं से समसामयिक सामाजिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में सामाजिक श्रेणी—ग्वालियर महानगर से युवाओं की सहभागिता रहेगी। आयोजकों ने आमंत्रित लोगों से कार्यक्रम में निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व पहुंचने का आग्रह किया है। कार्यक्रम से पूर्व स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
आमंत्रण पत्र में कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में युवाओं के साथ संवाद की महत्वपूर्ण पहल बताया गया है। संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और वर्ष 2025 में उसने अपने 100 वर्ष पूरे किए हैं।