उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में प्रचार की शुरुआत करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को शामिल में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यहां विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को माफिआयों और अपराधियों के भरोसे छोड़ दिया था। उनके लिए प्रदेश की जनता नहीं बल्कि अपराधी प्राथमिकता हुआ करते थे, लेकिन अब समय बदल चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि उस समय जो गर्मी दिखाया करते थे, उनकी अब सारी गर्मी निकल गई होगी। पहले प्रदेश में गुंडा टैक्स वसूला जाता था अब गुंडा टैक्स वसूलने वाले कहां चले गए, कोई पता ही नहीं। अब उनके लिए कोई दो बूंद आंसू बहाने वाला नहीं। उन्होंने कहा कि पहले कैराना में व्यापार करना बेहद ही मुश्किल होता था, लेकिन अब देखकर खुशी होती है कि कैराना में व्यापारी वर्ग वापस आ गया है और आजादी से अपना काम कर रहा है।
प्रदेश अब हो चुका है दंगा और कर्फ्यू मुक्त – सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को दंगो का प्रदेश कहा जाता था, लेकिन अब यूपी में में ‘नो कर्फ्यू-नो दंगा, यूपी में सब ओर चंगा, यूपी में न रंगदारी और न फिरौती-यूपी अब नहीं है किसी की बपौती।’ सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास का काम हो रहा है। माफिया और आतंक के लिए जगह नहीं है। आज घर में काष्ठ कला देखने को मिलती है। 2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं मिलती थी। सिख भाइयों पर हमला करवाया गया था। कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। आज प्रदेश विकास कर रहा है और यूपी की विकास यात्रा हर किसी को पता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विपक्ष की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उपद्रव एवं माफिया नहीं बल्कि उत्सव एवं महोत्सव उत्तर प्रदेश की पहचान है.’ मां शाकंभरी और बाला सुंदरी की पवित्र भूमि सहारनपुर से सोमवार को नगर निकाय चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा में अपनी सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनायीं और ”रंगदारी न फिरौती, अब यूपी नहीं किसी की बपौती” और ”आज यूपी में न कर्फ्यू न दंगा, आज यूपी में सब ओर चंगा” जैसे नारे दिये.”
उन्होंने कहा, ”अब उपद्रव नहीं, उत्सव हमारी पहचान है, माफिया नहीं, महोत्सव हमारी पहचान है.” उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा,”2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता. अब तो कांवड़ यात्रा निकलती है. पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे होते थे. पहले शोहदों का आतंक रहता था और बेटियां घर से निकलने में डरती थी और आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त माहौल है.”
उन्होंने कहा कि यह चुनाव डबल इंजन की सरकार के साथ तीसरे इंजन को जोड़ने के लिए हो रहा है जिसमें नगर निगमों के महापौर, पार्षद, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों और सभासदों को कमल निशान पर मत देकर चुनाव जिताना है और जब बहुमत का उनका बोर्ड बनेगा तो दिल्ली से जो पैसा आएगा उसका सदुपयोग होगा.” उन्होंने कहा, ”हमें तय करना है कि हमें 2017 के पहले की जातिवादी सरकारें चाहिए या फिर गरीब कल्याण के लिए समर्पित सरकार चाहिए.”
उन्होंने कहा कि ”हमें तय करना होगा कि युवाओं के हाथ में तमंचे हों या युवाओं के हाथ में टैबलेट और स्मार्टफोन हो. हमें तय करना है कि गलियों में अपराधियों की गोलियों की तड़तड़ाहट होनी चाहिए या फिर भजन गंगा का प्रवाह सुनाकर लोगों के जीवन में परिवर्तन.” योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘ मां शाकंभरी का आशीर्वाद मिले, मैं इसलिए यहां से चुनाव प्रचार की शुरुआत कर रहा हूं. हमने जाति, मजहब या किसी का चेहरा देखे बिना सभी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया. ” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर विकास की एक नई आभा के साथ देश और दुनिया के सामने चमकता हुआ दिखाई दे रहा है. उन्होंने सहारनपुर के लिए विकास योजनाओं को भी विस्तार से बताया.