ग्वालियर / वरिष्ठ कांग्रेस नेता चन्द्रमोहन नागौरी का पड़ाव थाना पुलिस द्वारा किये अपमान का मामला तूल पकड़ गया है। श्री नागोरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समाजसेवियों ने हंगामा खड़ा कर दिया है। उनकी मांग है की श्री नागोरी का अपमान करने वाले पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों को सस्पेंड किया जाए। महत्वपूर्ण बात यह है की हंगामे के समय कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल व प्रवीण पाठक भी मौजूद हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चन्द्र मोहन नागौरी ग्वालियर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष हैं साथ ही वे जिला कांग्रेस के भी अध्यक्ष रहे हैं । वे बीती रात एक पारिवारिक झगड़े के मामले में पड़ाव थाने गए थे। उनके साथ एक वृद्ध भी थे। जब वे टी आई के चेंबर में पहुंचे और अपना परिचय देते हुए बात शुरू की तो टी आई प्रशांत यादव ने उन्हें इग्नोर करते हुए अपशब्द कहे और बाहर निकाल दिया। वे बाहर आकर थाने में बनी ऊर्जा डेस्क की काउंसलर सबा रहमान के पास पहुंचे तो उन्होंने भी उनके साथ अभद्रता कर दी। हालांकि सबा रहमान ने कांग्रेस नेता पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उनके ही खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं टी आई भी अभद्रता से इंकार कर रहे हैं | टी आई यादव का कहना है कि उन्होंने कांग्रेस नेता से कुछ देर बाहर बैठने के लिए बोला था इस पर वे नाराज हो गए।
दरअसल गांधीनगर में रहने वाले 75 साल के मुइनुद्दीन खान के 6 बच्चे हैं। तीन बेटे बाहर रहते हैं दो बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी रूबी पहले मुंबई रहती थी अब कुछ समय से वापस आ गई है। मुइनुद्दीन के मुताबिक रूबी पुरे घर पर कब्ज़ा करना चाहती है जिसके कारण घर में विवाद हो रहा है। इसकी शिकायत पड़ाव थाने में की है जिसकी काउंसलिंग चल रही है। और इसी मामले को लेकर मुइनुद्दीन के साथ कांग्रेस नेता नागौरी थाने पहुंचे थे। मुइनुद्दीन की माने तो पड़ाव पुलिस ने उनपर और उनके एक बेटे आसिफ पर रूबी के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया है। कांग्रेस नेता ने भी पुलिस की इकतरफा कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज की है। श्री नागौरी ने उनके साथ हुई अभद्रता और पड़ाव पुलिस की इकतरफा कार्रवाई की शिकायत एसपी नवनीत भसीन से की है। एसपी का कहना है कि उन्हें टी आई और ऊर्जा डेस्क की काउंसलर के व्यवहार को लेकर शिकायत मिली है जिसकी जांच मैंने एडिशनल एसपी की सौंप दी है। उधर श्री नागौरी के साथ हुई बदसलूकी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है उनका कहना है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आन्दोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा ग्वालियर में पहली बार शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पिछले दिनों NSUI के छात्र नेताओं के साथ भी पुलिस मारपीट कर गिरफ़्तारी कर चुकी है उस समय भी छात्र नेताओं ने उनकी शिकायत वरिष्ठ नेतृत्व से की थी। इसके अलावा कांग्रेस पार्षद लगातार नगर निगम अधिकारियों पर उनकी अनदेखी करने के आरोप लगाते रहे हैं । बहरहाल अब देखना ये है कि ये मामला शांत होता है या इसकी भी अनदेखी की जाती है।