ग्वालियर में ‘विकसित भारत युवा संसद 2026-27’ का भव्य आयोजन
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ पर युवाओं ने रखी अपनी राय
ग्वालियर 14 नवम्बर 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, मेरा युवा भारत, ग्वालियर के तत्वावधान में शनिवार को ‘विकसित भारत युवा संसद 2026-27’ का सफल और भव्य आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समसामयिक व ज्वलंत विषय पर अपनी तार्किक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विधायक भितरवार श्री मोहन सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक श्री मोहन सिंह राठौर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा अपनी क्षमता के साथ देश विकास में भागीदार बनें। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों की भी आवश्यकता प्रतिपादित की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अजय जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत केंद्र श्री आशुतोष साहू ने अतिथियों का स्वागत किया तथा अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम की रूपरेखा व उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उपस्थित सभी लोगों को ‘सामूहिक नशा मुक्त शपथ’ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। इस आयोजन में युवाओं और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कड़ा मुकाबला और निर्णायक मंडल का मार्गदर्शन
प्रतियोगिता में युवाओं की प्रस्तुति को परखने के लिए एक बेहद अनुभवी निर्णायक मंडल उपस्थित था। इस मंडल में जीआरएमसी ग्वालियर के सीएमओ डॉ. अमित कुशवाह जी, जिला ग्वालियर की समग्र अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल जी, करियर मेंटर व प्रेरक वक्ता श्री धर्मेन्द्र ख्याति सेंगर जी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की प्रोफेसर सरला वर्मा जी शामिल थीं।
ये रहे विजेता
सभी प्रतिभागियों के वक्तव्य के बाद परिणामों का संकलन किया गया और निर्णायकों व अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात् विजेताओं के नामों की घोषणा की गई, जिसमें कृष्ण कुमार सारस्वत प्रथम, दिया तोमर द्वितीय, वंशिका अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। ये विजेता अब आगे के स्तर पर ग्वालियर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।