Homeप्रमुख खबरेंश्रावण मास के दौरान जिले के शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों...

श्रावण मास के दौरान जिले के शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिये समुचित व्यवस्थाओं के निर्देश 

ग्वालियर 30 जुलाई 2026/ श्रावण मास के दौरान ग्वालियर मेले के प्रमुख शिव मंदिर अचलेश्वर महादेव, गुप्तेश्वर, कोटेश्वर, धूमेश्वर, भूतेश्वर एवं अन्य शिव मंदिरों पर श्रृद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना एवं काँवड़ चढ़ाई जाती है। शिव मंदिरों में श्रृद्धालुओं के दर्शन एवं काँवड चढ़ाने वाले श्रृद्धालुओं के आवागमन मार्ग, मंदिरों में व्यवस्थित कांवड़ चढ़ाने एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी व्यवस्थायें चाक-चौबंद करने को कहा है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आदेश जारी कर पुलिस अधीक्षक को कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं के लिये जिला ग्वालियर अंतर्गत आवागमन मार्ग पर समुचित यातायात व्यवस्था एवं उनका सुगमतापूर्वक मंदिर पर आगमन की व्यवस्थायें, श्रावण मास के दौरान शिव मंदिरों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त को नगर निगम सीमा अंतर्गत कांवड़ियों के प्रमुख मार्गों का संधारण एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था, शिव मंदिरों पर साफ-सफाई, रोड मार्किंग आवारा पशुओं की रोकथाम, चलित शौचालय करने के साथ ही नगर निगम अंतर्गत कांवड़ियों के मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर विश्राम स्थल निर्माण कराने, जलपान, फलाहार, विश्राम हेतु समुचित व्यवस्था करने के साथ ही विश्राम स्थलों में फर्स्टएड बॉक्स की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को गा्रमीण क्षेत्र के मंदिरों पर समुचित व्यवस्था, विश्राम स्थल निर्माण, जलपान, विश्राम की व्यवस्था के साथ ही फर्स्टएड बॉक्स रखवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रावण मास के दौरान प्रमुख शिव मंदिरों पर मेडीकल कैम्पों की व्यवस्था एवं डॉक्टर्स एवं पैरामेडीकल स्टाफ भी राउण्ड द क्लॉक ड्यूटी लगाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कांवड लाने वाले मार्गों पर एम्बूलेंस की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्वालियर जिला अंतर्गत कांवड़ आवागमन मार्गों एवं शिव मंदिर परिसरों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों-कर्मचारियों को नामदज ड्यूटी लगाने के आदेश दिए हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला सैनिक होमगार्ड को वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिव मंदिर जो नदी एवं जल स्त्रोत के आसपास स्थित हैं वहां पर सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के दलों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। जनसंपर्क अधिकारी को श्रावण मास के दौरान मंदिरों, मेलों की व्यवस्थाओं एवं कांवड़ियों के लिये जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधनों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों में समुचित व्यवस्थायें कराना सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments