खुद पर हमले की साजिश रचने के आरोपी शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना को रायबरेली पुलिस ने बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तबरेज को लखनऊ के लालकुंआ से पकड़ा है। बता दें कि 28 जून को तबरेज राना पर हाईवे पर हमला हुआ था। इस दौरान उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई थीं। जब मामले की जांच पड़ताल की गई तो उसमें खुद ही हमले की साजिश रचने की बात सामने आई थी। तबरेज ने खुद को साजिश को आरोपी भी माना था। इस साजिश में तबरेज के अलावा चार अन्य आरोपी थी जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था, लेकिन तब से तबरेज फरार चल रहा था। तबरेज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके करीबियों से भी पूछताछ की थी लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका था। बुधवार की शाम को तबरेज की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
हमले के बाद तबरेज ने कोतवाली में दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
हाईवे पर हमले के बाद तबरेज राना ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तबरेज राना के वाहन पर गोलियों के निशान भी मिले थे। पुलिस की जांच में पता चला था कि अपने निजी स्वार्थों के लिए तबरेज ने खुद ही अपने ऊपर फायर कराया था। पुलिस ने गोली चलाने वाले शूटरों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य तथ्यों के आधार पर इसका खुलासा किया था। इसके बाद पुलिस ने तबरेज को इसी मामले में झूठ बोलने व षडयंत्र रचने के साथ ही अन्य धाराओं में आरोपी बनाया। पुलिस तबरेज की तलाश कर रही है वहीं दो जुलाई को तबरेज ने न्यायालय ने आत्मसमर्पण का प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर न्यायालय ने छह जुलाई की तिथि नियत की थी लेकिन नियत तिथि पर भी तबरेज न्यायालय में हाजिर नहीं हुए थे।