ग्वालियर/मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में बुधवार के दिन दिल दहलाने वाली वारदात हुई। एक परिवार के तीन लोगों के खून से लथपथ शव बरामद हुए हैं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बरामद हुए शव ग्वालियर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के सरकारी रोड कॉन्ट्रैक्टर नरेंद्र सिंह उनकी पत्नी और बेटे का है। तीनों की गोली लगने से मौत हो गई। तीनों के खून से सने शव बुधवार की शाम को फर्स्ट फ्लोर के कमरे में बरामद हुए है।
घटना जिले के बहोड़पुर के बारह बीघा इलाके की है। तीनों के लहूलुहान शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। वहीं, घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक की टीम भी पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
माना जा रहा है कि पहले ठेकेदार नरेंद्र सिंह चौहान (47) ने बेटे आदित्य (22) को गोली मारी, फिर पत्नी सीमा चौहान (42) और इसके बाद खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। जांच के दौरान पत्नी सीमा की हथेली पर सुसाइड नोट भी लिखा पाया गया है। इसमें लिखा है- ‘मेरा भाई हमारी मौत का जिम्मेदार है।’
पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश भार्गव को पड़ताल के दौरान सीमा के हाथ पर सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपने भाई को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से अपील की है उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाए। नरेन्द्र सिंह अपने साले गुड्डू के साथ मिलकर काम करते थे। बावजूद इसके बाद अपने जीजा के खिलाफ ही नगर निमम में लगातार शिकायत करता था। संभवत साले की शिकायतों से परेशान होकर परिवार द्वारा सामूहिक कदम उठाना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शवों को विच्छेदन गृह भेज मौत के कारणों की विवेचना प्रारंभ कर दी है।