भारतीय जनता पार्टी की तरफ से ‘सौगात-ए-मोदी’ के तहत देश के मुस्लिम समाज के परिवारों को मोदी किट दिया जा रहा है। देशभर के मुस्लिम समुदाय के लागों के साथ बिहार के भागलपुर जिले के मुसलमान भी इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं। खानकाह-ए-पीर दमड़िया शाह के 15वें सज्जादानशीं सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा कि मुसलमानों के बिना विश्व गुरु की कल्पना अधूरी रह सकती है।
सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा, ‘ईद के मुबारक मौके पर पीएम मोदी की तरफ से ‘सौगात-ए-मोदी’ के नाम से 32 लाख गरीब परिवारों को किट दिया जा रहा है। इस पहल से मुसलमानों को करीब लाने की जो पहल प्रधानमंत्री ने की है, वह स्वागत योग्य है।’
सौगात-ए-मोदी
बता दें कि ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान भाजपा की तरफ से शुरू किया गया एक अभियान है। इसका उद्देश्य मुस्लिम समुदाय के बीच कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा देना और भाजपा तथा एनडीए के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाना है। यह अभियान खास इसलिए भी है क्योंकि यह रमजान और ईद जैसे अवसरों पर केंद्रित है। इस अभियान के तहत भाजपा ने 32 लाख मुस्लिम परिवारों तक पहुंचने और तीन हजार मस्जिदों के साथ सहयोग करने की योजना बनाई है।