ग्वालियर में होगा सुंदरकांड पाठ, 2 अगस्त को पौधारोपण कर दी जाएगी श्रद्धांजलि
ग्वालियर, 31 जुलाई2026/अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा शुक्रवार को अमर शहीद उधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि “शहीद किसी जाति या धर्म का नहीं होता, वह पूरे देश का प्रेमी होता है। युवाओं को ऐसे राष्ट्रभक्तों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेने के लिए शहीद उधम सिंह ने 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में माइकल ओ’डायर को गोली मारकर भारतीयों के आत्मसम्मान की रक्षा की थी। इसके बाद 31 जुलाई 1940 को उन्हें फांसी दी गई थी। उनके बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकता।
इस अवसर पर हिन्दू महासभा ने घोषणा की कि ग्वालियर में पर्याप्त वर्षा, सुख-समृद्धि और आर्थिक विकास की कामना को लेकर शनिवार, 1 अगस्त को दोपहर 1 बजे सिकंदर कम्पू स्थित अजयपुर, तार फैक्ट्री के सामने संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता करेंगे, जिसमें संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होकर प्रसादी ग्रहण करेंगे।
इसके अलावा 2 अगस्त को सुबह 8:30 बजे पुरवाई गेट के डिवाइडर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन के अनुसार यह पौधारोपण दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में जान गंवाने वाले 26 छात्रों की स्मृति में किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामबाबू सेन, संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता, जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा, युवा अध्यक्ष आनंद माहौर तथा महिला जिला अध्यक्ष राधा गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
हिन्दू महासभा ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देने की अपील की।
हिन्दू महासभा द्वारा अमर शहीद उधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर दी श्रद्धांजलि
RELATED ARTICLES