होलिका दहन में पर्यावरण का संरक्षण करने गौशाला में तैयार हो रहे गोकाष्ठ
ग्वालियर / होलिका दहन पर शहरवासी गाय के गोबर से बने गोकाष्ठों से होली जलाएं, इसके लिए नगर निगम की लालटिपारा गौशाला में अभी से तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। गौशाला में गोकाष्ठों को तैयार करने का कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है। जिससे अधिक से अधिक गौकाष्ठ तैयार कर शहरवासियों तक पहुंचाएं जा सके।
नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने शहर के नागरिकों से आग्रह किया है कि होलिका दहन के लिए आमजन लकडियों का उपयोग करते हैं। इससे पर्यावरण का नुकसान होता है। पर्यावरण का सुरक्षित रखने एवं पेडों को बचाने के लिए नगर निगम की लालटिपारा गौशाला में गोकाष्ठ तैयार किए जा रहे हैं। प्रतिदिन करीब 500 किलो गोबर के गोकाष्ठों को बनाया जा रहा है। वर्तमान समय में गर्मी भी आ चुकी है, इसके कारण गौकाष्ठों को बनाने का कार्य भी तेज गति से हो रहा है।
नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने बताया कि वर्तमान समय में लालटिपारा स्थित आदर्श गौशाला में करीब 7000 गाय हैं। प्रति गाय से एक दिन में लगभग 5 किलो गोबर मिलता है। इसमें से अधिकांश गोबर का उपयोग गोबर गैस एवं जैविक खाद तैयार करने में हो जाता है। इसके साथ ही बचे हुए गोबर से गौकाष्ठ तैयार किए जा रहे हैं।