महाकुम्भ का तीसरा और अंतिम अमृत स्नान सोमवार को होगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि 29 जनवरी को मौनी अमावस्या का अमृत स्नान भगदड़ के कारण, अखाड़ों ने स्थगित कर दिया था और दोपहर में इसे केवल प्रतीकात्मक रूप से आयोजित किया था । इसमें प्रत्येक अखाड़े के कुछ साधुओं ने डुबकी लगाई। सूत्रों ने कहा कि अब, नागा साधुओं की दीक्षा प्रक्रिया को पूरा करने के लिए, सभी 12,000 साधकों को बसंत पंचमी पर संगम के पवित्र जल में स्नान करना आवश्यक है। अतः बसंत पंचमी स्नान को लेकर अखाड़ों में उत्साह देखा जा रहा है।
इस स्नान पर्व के लिए सभी अखाड़ों ने तैयारी शुरू कर दी है। अखाड़ों में रथ और पालकी को सजाने का काम शुरू हो गया है। सभी महामंडलेश्वर इस बार स्नान में शामिल होंगे। तय किए गए समय पर ही अखाड़ों का अमृत स्नान होगा। मौनी अमावस्या पर हुए हादसे को देखते हुए अखाड़ों ने प्रतीकात्मक स्नान किया था। लेकिन इस बार वसंत पंचमी पर पूरा उल्लास दिखाई देगा। निरंजनी अखाड़े में श्रीमहंत रविंद्रपुरी, सचिव राम रतन गिरि ने मिलकर स्नान की तैयारी की।
वहीं, जूना अखाड़े की छावनी में महंत हरि गिरि, अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, महंत नारायण गिरि ने मिलकर महामंडलेश्वरों के क्रम पर विस्तार से बात की। मौनी अमावस्या के बाद बसंत पंचमी अगला बड़ा स्नान दिवस है जब महाकुंभ में तीसरा अमृत स्नान होगा। अन्य अमृत स्नानों की तरह, यह भी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के नागा साधुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, जिसे वे स्नान के समय और जुलूस के समय में कोई बदलाव किए बिना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करना चाहते हैं।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (एबीएपी) ने कहा कि उन्होंने पहले ही मेला प्रशासन को अपनी योजना बता दी है। प्रयागराज प्रशासन सोमवार (3 फरवरी) को अमृत स्नान से दो दिन पहले शनिवार से शहर में तीर्थयात्रियों के आगमन की उम्मीद कर रहा था। दरअसल, अमृत स्नान नागा साधुओं की दीक्षा प्रक्रिया को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण होता है। चल रहे महाकुंभ में, लगभग 12,000 नागा साधुओं को दीक्षा दी जानी थी और उन्हें विभिन्न शैव अखाड़ों में शामिल किया जाना था।मकर संक्रांति अमृत स्नान के साथ दीक्षा की प्रक्रिया शुरू करने के बाद, दीक्षा प्रक्रिया के दूसरे चरण में मौनी अमावस्या का अमृत स्नान होना था। हालांकि, भगदड़ के कारण, अखाड़ों ने स्नान स्थगित कर दिया और दोपहर में इसे केवल प्रतीकात्मक रूप से आयोजित किया। इसमें प्रत्येक अखाड़े के कुछ साधुओं ने डुबकी लगाई। एबीएपी सूत्रों ने कहा कि अब, नागा साधुओं की दीक्षा प्रक्रिया को पूरा करने के लिए, सभी 12,000 साधकों को बसंत पंचमी पर संगम के पवित्र जल में स्नान करना आवश्यक है।