ग्वालियर। केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गत 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से पूरा ग्वालियर व चंबल अंचल दु:खी है। जो तत्व देश एवं समाज को तोड़ना चाहते हैं, उन्होंने इन घटनाओं को अंजाम दिया है। मगर हम सब मिलकर उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं प्रदेश के सामान्य प्रशासन एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लाल सिंह आर्य गत 2 अप्रैल को हुई अप्रिय घटनाओं में मृत लोगों के परिजनों के घर शोक संवेदना व्यक्त करने और उन्हें ढांढस बंधाने पहुँचे थे।
मंत्री द्वय ने रविवार को यहाँ ठाठीपुर क्षेत्र में स्थित गल्ला कोठार व कुम्हरपुरा तथा भिण्ड जिले के अंतर्गत मेहगाँव, मस्तुरा व मछण्ड पहुँचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना प्रदान की। साथ ही भिण्ड में शहीद जितेन्द्र सिंह राजावत और पत्रकार स्व. संदीप शर्मा के घर भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुँचे। केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं प्रदेश सरकार के मंत्री आर्य ने यहाँ गल्ला कोठार में मृतक स्व. दीपक मित्तल एवं कुम्हरपुरा में स्व. राकेश टमोटिया के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और सांत्वना प्रदान की। साथ ही मृतकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि प्रदान की। तोमर ने इस अवसर पर कहा कि 2 अप्रैल को हुई घटनाओं की निष्पक्ष जाँच की जायेगी। इस संबंध में सरकार द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस को स्पष्ट रूप से ताकीद किया गया है कि कोई भी निर्दोष फँसे नहीं और दोषी बचे नहीं। मृतक राकेश टमोटिया के परिजनों द्वारा बिल जमा न होने से घर का विद्युत कनेक्शन विच्छेद हो जाने की ओर ध्यान दिलाए जाने पर श्री तोमर उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका बिल भर दिया जाएगा। उन्होंने मृतकों की आत्माओं की शांति की कामना की और परिजनों से धैर्य और संयम बनाए रखने का आग्रह किया।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा ग्वालियर के सभ्रांत नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों, जिला प्रशासन एवं समस्त अमन पसंद लोगों ने मिलकर समाज में फिर से शांति, सौहार्द्र एवं समरसता का वातावरण बनाने के लिए सराहनीय कार्य किया है। तोमर ने कहा कि ग्वालियर एवं चंबल अंचल के निवासी सदैव से शांति, सदभाव और आपसी भाईचारे के साथ रहते आए हैं। यह परंपरा आगे भी कायम रहेगी। प्रदेश के सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद दिलाई जायेगी। उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल को निर्मित हुई असामान्य स्थिति के बाद ग्वालियर एवं चंबल के निवासियों ने स्थिति को सामान्य बनाने की दिशा में अनुकरणीय काम किया है। इस अवसर पर ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, पार्षद पुरूषोत्तम टमोटिया, दिनेश दीक्षित व महेश उमरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उनके साथ थे।
मेहगाँव, मुस्तरा, भिण्ड व मछण्ड भी पहुँचे
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं प्रदेश सरकार के मंत्री लाल सिंह आर्य गत 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई अप्रिय घटना में मृत लोगों के परिजनों को सांत्वना प्रदान करने भिण्ड जिले के तहसील मुख्यालय मेहगाँव, ग्राम मुस्तरा व मछण्ड भी पहुँचे। मंत्री द्वय ने मेहगाँव में स्व. आकाश गर्ग और ग्राम मुस्तरा निवासी स्व. प्रदीप जाटव, मछण्ड क्षेत्र के गांध निवासी स्व. महावीर राजावत एवं बगियापुरा निवासी स्व. जगरूप उर्फ दशरथ जाटव के परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर विधायकगण मुकेश चौधरी व नरेन्द्र सिंह कुशवाह, राज्य बीज निगम के उपाध्यक्ष मुन्ना सिंह भदौरिया एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष के पी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
शहीद जितेन्द्र सिंह को भी श्रृद्धांजलि अर्पित की
गत माह छत्तीसगढ़ के सुकुमा जिले में नक्सिलियों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान स्व. जितेन्द्र सिंह के भिण्ड स्थित चतुर्वेदी नगर निवास पर भी मंत्रिद्वय पहुँचे। उन्होंने शहीद जितेन्द्र सिंह की स्मृति में बनाए गए पार्क में पुँचकर उनकी समाधि पर श्रृद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि प्रदान की।
पत्रकार संदीप शर्मा के यहाँ भी पहुँचे
केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं आर्य भिण्ड में इन्दिरा गाँधी चौराहा सिटी कोतवाली के समीप स्थित पत्रकार स्व. संदीप शर्मा के निवास पर भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुँचे। मंत्री द्वय ने उनके परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि स्व. संदीप शर्मा के मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जाँच होगी।