ग्वालियर /- नगर निगम द्वारा शहर के सम्पत्तिकरदाताओं को 31 अक्टूबर 2021 तक वर्तमान वर्ष 2021-22 का सम्पत्तिकर जमा करने पर 6 प्रतिशत छूट का लाभ प्रदान किया जा रहा है। सम्पत्तिकरदाता अपने घर बैठे ही आॅनलाइन सम्पत्तिकर जमा कर आॅनलाइन रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं।
यह जानकारी नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने देते हुए बताया कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा इस वर्ष 31 अक्टूबर 2021 तक सम्पत्तिकर जमा करने पर वर्तमान वर्ष के सम्पत्तिकर में 6 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई है। सभी सम्पत्तिकरदाता समय से सम्पत्तिकर जमा कर यह लाभ उठाएं। इसके साथ ही सम्पत्तिकरदाता अपने घर बैठे ही आॅनलाइन सम्पत्तिकर जमा कर आॅनलाइन रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस प्रकार करें घर बैठे आॅनलाइन सम्पत्तिकर जमा
शहर के सम्पत्तिकर दाता आॅनलाइन अपना सम्पत्तिकर जमा करने के लिए
डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट एमपी ई नगर पालिका डॉट जीओवी डॉट इन
पर जाकर सिटीजन सर्विस पर क्लिक करें फिर प्रोपर्टी टैक्स पर जाएं यदि आपकी सम्पत्ति निगम में दर्ज है और पुरानी आईडी आपको ज्ञात है तो प्रोपर्टी टैक्स क्विक पेय ओल्ड प्रोपर्टी आईडी पर जाएं, फिर ग्वालियर नगर निगम सिलेक्ट करें, पुरानी आईडी डालें, मोबाइल नम्बर डालें और अपनी ईमेल आईडी डालें। इसके बाद आॅनलाइन पेमेन्ट पर जाकर एक्सिस बैंक के गेटवे में क्लिक कर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि द्वारा भुगतान कर दें।
वहीं नवीन आईडी ज्ञात होने पर प्रोपर्टी टैक्स क्विक पेय पर जाएं, फिर नई आईडी डालें, इसके बाद आॅनलाइन पेमेन्ट पर जाकर एक्सिस बैंक के गेटवे में क्लिक कर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि द्वारा भुगतान कर दें।