राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद में वोटिंग खत्म हो गई है. वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी. इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) से है. राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि 16वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे खत्म हुआ. हर जगह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुआ. कुल 99.18% मतदान हुआ दर्ज है.
राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में पीएम मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, गृहमंत्री अमित शाह समेत सभी दिग्गज नेताओं ने वोट डाला. भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद मनमोहन सिंह संसद में व्हीलचेयर पर बैठकर वोट डालने पहुंचे थे
8 सांसद नहीं डाल पाए वोट
राष्ट्रपति चुनाव के मतदान में कुल 8 सांसद वोट नहीं डाल पाए. इनमें बीएसपी सांसद अतुल कुमार सिंह जेल में हैं, वहीं बीजेपी सांसद सनी देओल विदेश यात्रा पर हैं. इनके अलावा शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर, हेमंत गोडसे, बीएसपी सांसद फजलुर रहमान, सादिक रहमान और सैयद इम्तियाज़ ने भी वोट नहीं डाला.
राष्ट्रपति चुनाव में जमकर हुई क्रॉस वोटिंग
मतदान के दौरान असम, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग भी देखने को मिली. गुजरात में राष्ट्रवादी कांग्रेस विधायक कंधाल एस. जडेजा ने कहा कि उन्होंने एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट किया है. साथ ही असम में एआईयूडीएफ के विधायक करीम उद्दीन बरभुइया ने दावा किया कि असम में कम से कम 20 कांग्रेस विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में अपना वोट डाला है. हालांकि कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग को नकार दिया.
कौन करता है राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग?
राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल के सदस्यों द्वारा किया जाता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य और केंद्र शासित प्रदेश सहित सभी राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य होते हैं. कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक मतदान करने के पात्र थे.
ये रहा इस बार मतों का मूल्य
जम्मू कश्मीर में विधानसभा नहीं होने की वजह से इस बार सांसदों के मतों का मूल्य 708 से घटकर 700 हो गया है. राज्यों में विधायकों के मतों के मूल्य अलग-अलग हैं. उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधायक का राष्ट्रपति चुनाव में मत मूल्य अन्य किसी राज्य के विधायक से अधिक है. उत्तर प्रदेश के विधायकों के मत का मूल्य 208 है, जबकि झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों का मूल्य 176 है. महाराष्ट्र में यह 175, सिक्किम में सात, नगालैंड में नौ और मिजोरम में आठ है.
21 जुलाई को होगी मतगणना
मतों की गिनती संसद भवन में होती है. मतगणना 21 जुलाई को होगी. एनडीए (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) अगर ये चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बन जाती हैं, तो स्वतंत्रता के बाद जन्मी इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली नेता होंगी. वह देश की पहली आदिवासी और सबसे युवा राष्ट्रपति भी होंगी.