भोपाल में पदस्थ एक DSP ने खुदकुशी कर ली। उनका शव सोमवार शाम धार जिले के गांव रेबड़दा में स्थित पुश्तैनी मकान में पंखे से फंदे पर लटका मिला। शाम को जब वह घर से बाहर नहीं निकले, तो पड़ोसी घर पहुंचे। इसके बाद घटना का पता चला। पिछले आठ महीने से वह ऑफिस भी नहीं गए थे। दो साल बाद वह रिटायर होने वाले थे। बताया जाता कि वह लंबे समय से बीमार और तनाव में थे।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
डीएसपी भीमसिंह अहरवार (60) पीएचक्यू स्थित विशेष शाखा में कानून व्यवस्था के पद कार्यरत थे। वह धार ज़िले के कुक्षी क्षेत्र के डही विकासखंड के ग्राम रेबड़दा के रहने वाले थे। डही थाने के टीआई शिवराम जाट के मुताबिक भीमसिंह जुलाई 2020 के बाद से ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। इस दौरान वह अपने गांव स्थित घर में अकेले रह रहे थे। बताया जाता है, उनके और परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। इस कारण भी वह तनाव में थे।
वह नियमित रूप से शाम को घूमने जाते थे, लेकिन सोमवार देर शाम तक घर से नहीं निकले। पड़ोसियों ने घर पहुंचकर आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच कुछ लोगों ने देखा कि वे घर में फंदे पर लटके हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले में पड़ताल में जुट गई है।
परिवार में पत्नी के अलावा दाे बेटे हैं। पत्नी सूरजबाई है। बड़ा बेटा कपिल विवाहित है। दोनों बालाघाट में रहते हैं। कपिल की पत्नी वहां शिक्षक है। वहीं, दूसरा बेटा सौरभ इंदौर में रहकर पढ़ाई करता है। परिजन ने पुलिस को बताया कि वह बीमार भी रहते थे।