भोपाल। भारत की संप्रभुता, भारत के सम्मान और भारत की सेना का कांग्रेस के नेताओं द्वारा निरंतर अपमान किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 3 मार्च को पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पुतले जलायेगी और धिक्कार सभाएं करेगी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा पाकिस्तान के आतंकी अड्डे पर हमला किए जाने के बाद से निरंतर ऐसी बयानबाजी की जा रही है जो भारत के विरूद्ध होकर पाकिस्तान को मदद करने वाली है। जिनके राज में निरंतर आतंकवाद फलता फूलता रहा। वे आज भारत की सेना के शौर्य को ललकार रहें है और हवाई हमले के सबूत मांग रहे है। देश से प्यार करने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसा दुस्साहस नहीं कर सकता जैसा कांग्रेस के नेता और उनके पिछलग्गू कर रहे है। आज श्री दिग्जिवय सिंह ने जिस प्रकार से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को इज्जत दी है उससे समूचा देश शर्मसार है। उन्होंने ऐसा करके देश के सफल कूटनीतिक प्रयासों में विंध्न डालने का आपराधिक कृत्य तो किया ही है साथ साथ सेना के उत्साह को कम करने का पाप भी किया है। इससे पूर्व भी कांग्रेस के नेता अपनी पाकिस्तान परस्ती सरेआम जाहिर कर चुके है। उन्हें देश की कीमत पर भी पाकिस्तान का समर्थन करने में वोट का फायदा दिखायी देता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस को अब यह करने नहीं देगी। उसे सारी दुनिया में बेनकाब करेगी। इसी के तहत 3 मार्च को अपरान्ह 4 बजे मध्यप्रदेश भर के कार्यकर्ता सभी जिलों में कांग्रेस नेताओं और उनकी नीति का पुतला दहन करेंगे। साथ में धिक्कार सभाएं करके जनता को कांग्रेस की असलियत से सीधे अवगत करायेंगे।