
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक हजार बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्य के भूमिपूजन को लेकर सत्ताधारी दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के बीच टकराव के हालात पैदा हो गए हैं। भूमिपूजन का कार्यक्रम आज आयोजित होना है इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य की चिकित्सा शिक्षा मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ शिरकत करने वाली हैं। उधर भाजपा का कहना है इस एक हजार बिस्तरों के अस्पताल के जिस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन कांग्रेस करने जा रही है वह भाजपा सरकार की देन है और तत्कालीन मुख्यमंत्री पूर्व में ही भूमिपूजन कर चुके हैं। भाजपा की ओर से मुरैना सांसद अनूप मिश्रा महापौर विवेक शेजवलकर आदि ने चेतावनी दी है कि भाजपा इस कार्यक्रम को नही होने देगी । उधर इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार की कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करने की जरा सी भी कोशिश न करे नहीं तो जो भी परिणाम होगा उसकी जबावदारी भाजपा की होगी ।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने आज ग्वालियर में एक हजार बिस्तर के अस्पताल के निर्माण कार्य का शुभारंभ समारोह आयोजित करने का कार्यक्रम तय किया है यह कार्यक्रम 5 मार्च को प्रात: 10.30 बजे भगवत सहाय मेडीकल सभागार में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र गुना एवं शिवपुरी ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे। अध्यक्षता प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा, संस्कृति एवं आयुष विभाग डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ करेंगीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री लाखन सिंह यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी, विधायक मुन्नालाल गोयल, प्रवीण पाठक, भारत सिंह कुशवाह एवं महापौर विवेक नारायण शेजवलकर उपस्थित रहेंगे।
उधर भाजपा ने इस कार्यक्रम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि जयारोग्य अस्पताल में मंगलवार को एक हजार बिस्तर के अस्पताल का पुनः शुभारंभ होने पर भारतीय जनता पार्टी अपनी भरपूर ताकत के साथ विरोध दर्ज कराएगी। कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के कार्यों को अपना बताने की जो गलत परंपरा शुरू कर रही है यह सही नहीं है। मुरैना सांसद अनूप मिश्रा ने सोमवार को मोदी हाउस में आयोजित भाजपा ग्वालियर महानगर की एक बृहद बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक में तय हुए निर्णय के मुताबिक विरोध जताने के लिए भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकर्ता सुबह 9 बजे थीम रोड स्थित स्व. शीतला सहाय जी की प्रतिमा के पास उपस्थित होंगे। जिसके बाद सभी अस्पताल में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, लोकसभा संयोजक अभय चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह कुशवाह, राकेश जादौन, जिला महामंत्री कमल माखीजानी उपस्थित थे। बैठक का संचालन महामंत्री शरद गौतम ने एवं आभार महामंत्री महेश उमरैया ने व्यक्त किया।
श्री मिश्रा ने कहा कि पूरे मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अनेक विकास कार्य कराए और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखा। जिस दिन से कांग्रेस पार्टी आई है जब से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम और भारतीय जनता पार्टी के शुरू किए गए कार्यों को अपनी मुहर लगाने का काम कर रही है। कल से श्योपुर में तनाव है महाशिव बारात भी नहीं निकलने दे रहे हैं ना ही गिरफ्तार कर रहे हैं। चाहे मुरैना हो, चाहे श्योपुर हो, चाहे भिंड हो, चाहे दतिया हो, ग्वालियर और शिवपुरी जो काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किये है उन कामों को वह अपना बना रहे हैं। श्री मिश्रा कहा कि ने ग्वालियर में 1000 बिस्तर का अस्पताल 2009 में भूमिपूजन हुआ था और उसके बाद मल्टी सुपर स्पेशलिटी कॉन्प्लेक्स का भूमि पूजन हुआ। कल एक तीसरा भूमि पूजन होने जा रहा है 1000 बिस्तर का ? जगह कम लग रही थी तो ग्वालियर पोट्रीज को मर्ज किया जाए वह उद्योग विभाग की जगह है भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कोशिश की। हस्तांतरित स्वास्थ्य विभाग को की जाए, स्वास्थ्य में भी चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग को ट्रांसफर हो गयी तब वो काम शुरू होगा और वह काम सितंबर में इसके टेंडर हो गए नवंबर में वर्क आर्डर हो गया और इसको तोड़ने का काम और नई फाउंडेशन रखकर नई बिल्डिंग बनाने का काम शुरू हो गया उसमें यह तय हुआ कि इस रूट को बंद करना है कंपू थाना बस स्टैंड रूट से फोरलेन सड़क बनाना है यह सारी बातें नवंबर तक तय हो चुकी थी काम प्रारंभ हो गया था। श्री मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा नई खबर आती है 1000 बिस्तर का शिलान्यास किया जा रहा है। कांग्रेस द्वारा गंदी राजनीति करते हुए इस शिलान्यास में क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी को भी नहीं बुलाया जा रहा। संवैधानिक तौर पर सांसद किसी भी पार्टी का हो, उस सांसद के संसदीय क्षेत्र में निमंत्रण देना अनिवार्य है। कांग्रेस पार्टी संसदीय मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाते हुए निंदनीय कृत्य कर रही है पिछले 5 वर्ष पूर्व जब 10 साल यूपीए की सरकार रही। इन दस सालों में ग्वालियर में एक भी विकास कार्य नहीं हुआ। श्री मिश्रा ने कहा कि लोकसभा का चुनाव नजदीक है। कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है इसीलिए दोबारा दोबारा भूमि पूजन करके जनता को गुमराह करने का प्रयास शुरू कर दिया है। जब मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ कराया था। आज जब कांग्रेस दोबारा से भूमि पूजन कर रही है उसका पूरी ताकत से भारतीय जनता पार्टी विरोध करेगी।
उधर महापौर विवेक शेजवलकर ने भी इसी तारतम्य मैं संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा कांग्रेस की श्रेय लेने की झूठ की राजनीति का विरोध करेगी।
उधर कांग्रेस ने आज बैठक करके हर हाल में कार्यक्रम करने की घोषणा की। पार्टी जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने पार्टी नेताओं से भाजपा का विरोध करने की अपील की है।