भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले करने का क्रम लगातार जारी रखते हुए दो महीने में दूसरी बार ग्वालियर कलेक्टर पद पर फेरबदल कर दिया ,पहले दो माह पूर्व इस पद पर तैनात अशोक वर्मा को हटाकर भरत यादव को लाया गया और आज भरत यादव का भी तबादला आदेश जारी कर उनकी जगह अनुराग चौधरी आईएएस 2010 बैच को मनचाही पोस्टिंग दी गई है। दूसरे आदेश में सचिव, राजस्व मंडल, ग्वालियर को भी बदला गया है।
भरत यादव आईएएस 2008 बैच को कलेक्टर ग्वालियर से प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम, भोपाल बनाया गया है। यह पद उपसचिव मध्यप्रदेश शासन के समकक्ष है। अनुराग चौधरी आईएएस 2010 बैच को कलेक्टर सिंगरौली से कलेक्टर ग्वालियर बनाया गया है। इससे पहले चौधरी को प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम, भोपाल पद पर भेजा गया था जिसे संशोधित करके ग्वालियर कलेक्टर बनाया गया है।
विनोद शर्मा सचिव, राजस्व मंडल बने
विनोद कुमार शर्मा आईएएस 2003 बैच को अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन मंत्रालय से सचिव, राजस्व मंडल, ग्वालियर बनाया गया है। सुरेश कुमार आईएएस 2010 बैच को सचिव राजस्व मंडल, ग्वालियर से प्रबंध संचालक औद्योगिक केंद्र विकास निगम, ग्वालियर बनाया गया है।