लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में जिन सीटों पर वोटिंग होनी है उसमें सबसे रईस उम्मीदवार मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ हैं. इनकी कुल संपत्ति 660 करोड़ से ज्यादा है. वहीं महाराष्ट्र की मुंबई उत्तर मध्य से कांग्रेस उम्मीदवार प्रिया सुनील दत्त ने इनकम टैक्स रिटर्न में 13 करोड़ की संपत्ति दिखाई है.
चौथे चरण में प्रिया दत्त 10 रईस उम्मीदवारों की सूची में 96 करोड़ की कुल संपत्ति के साथ 8वें स्थान पर हैं. इस चरण में 3 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके पास कोई संपत्ति नहीं है. जबकि राजस्थान के झालावाड़ बारां सीट से निर्दलीय उम्मीदवार प्रिंस कुमार के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है. सिर्फ 500 रुपये हैं. ये जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपनी रिपोर्ट में दी है.
चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 सीटों के लिए 943 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें से 928 उम्मीदवारों के एफिडेविट की जांच की गई. 210 (23%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. 158 (17%) उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. 306 (33%) उम्मीदवार करोड़पति हैं. चौथे चरण में सबसे ज्यादा आपराधिक मामलों वाले 57% उम्मीदवार एसएचएस पार्टी में हैं. उसके बाद 44% भाजपा और 32% कांग्रेस में हैं.
इन 71 सीटों में से 37 सीटें ऐसी हैं, जो रेड अलर्ट घोषित की गई हैं. रेड अलर्ट यानी वो सीटें जहां 3 से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामलों की घोषणा की है. इस चरण में 345 उम्मीदवार निर्दलीय हैं. सबसे ज्यादा करोड़पति उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस के हैं. दोनों दलों के 57 उम्मीदवारों में से 50 उम्मीदवार करोड़पति हैं.