नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के 6वें चरण के लिए 7 राज्यों की 59 सीटों पर 63.3% मतदान हुआ। इन सीटों पर 2014 में 63.7% वोट पड़े थे। बंगाल में लगातार 6वें चरण में भी हिंसा हुई। इसके बावजूद यहां सबसे ज्यादा 80% मतदान हुआ। झारखंड में 64%, मध्यप्रदेश में 63% और हरियाणा में 65% वोट डाले गए।
बिहार के पश्चिम चंपारण सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर नरकटिया स्थित बूथ पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर संजय को बचाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी हुई।
बंगाल में लगातार 6वें चरण में हिंसा
पश्चिम बंगाल में 6वें चरण में भी हिंसा की खबरें हैं। यहां के घाटल से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अफसर भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। केशपुर मतदान केंद्र के बाहर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। हमलावरों से बचने के लिए उन्होंने मंदिर में शरण ली। यहां से वे मंदिर की दीवार फांदकर पुलिस स्टेशन पहुंचीं। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। चुनाव आयोग ने इस मामले में जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है