नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के 6वें चरण के लिए आज 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। 5 बजे तक 58% मतदान हुआ। सबसे ज्यादा बंगाल में 77% वोट पड़े। झारखंड में 60%, मध्यप्रदेश में 60% और हरियाणा में 60% वोट डाले गए हैं।
बिहार के शिवहर स्थित एक बूथ पर होमगार्ड जवान से गलती से गोली चल गई, जिससे पोलिंग बूथ पर तैनात एक कर्मचारी की मौत हो गई। उधर, मध्यप्रदेश के भिंड में जैतपुरागुढ़ा गांव में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिसकर्मियों पर पीटने का आरोप है। इस दौरान मतदान केंद्र पर भगदड़ मच गई। फिलहाल, मतदान रोक दिया गया।
बंगाल में लगातार 6वें चरण में हिंसा
पश्चिम बंगाल में 6वें चरण में भी हिंसा की खबरें हैं। यहां के घाटाल से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अफसर भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। केशपुर मतदान केंद्र के बाहर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। चुनाव आयोग ने इस मामले में जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।
बंगाल में झारग्राम के गोपीबल्लभपुर में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला है। पार्टी ने तृणमूल पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पूर्व मिदनापुर के भगवानपुर में भी भाजपा के दो कार्यकर्ताओं अनंता गुचैत और रंजीत मैती को गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस चरण की 59 में से 45 सीट भाजपा ने जीती थीं
इस चरण में 979 प्रत्याशी मैदान में हैं। 2014 में भाजपा इन 59 सीटों में से 45 पर जीती थी। वहीं, 1 पर सहयोगी पार्टी लोजपा को जीत मिली थी। कांग्रेस ने 2, तृणमूल ने 8, सपा ने 1, इनेलो ने 2 सीटें हासिल की थीं। इस चरण में दिल्ली की 7, बिहार की 8, हरियाणा की 10, मध्यप्रदेश की 8, उप्र की 14, बंगाल की 8, झारखंड की 4 और दिल्ली की 7 सीटों पर मतदान हो रहा है।
मध्यप्रदेश में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ सीट पर वोटिंग है। बंगाल की बैरकपुर सीट के बूथ नंबर 116 और आरमबाग के बूथ नंबर 110 पर पुनर्मतदान हो रहा है। इसके अलावा त्रिपुरा के 168 पोलिंग बूथों और पुड्डुचेरी के 1 बूथ पर भी पुनर्मतदान हो रहा है।