मुंबई। शनिवार को मुंबई की एक स्वच्छिक संस्था कार्यकर्ताओं ने आरजे मलिष्का के समर्थन में एक रैली निकाली | इस रैली की दिलचस्प बात यह थी कि प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर मौजूद पुलिस को बाम दिया |
एनजीओ के सदस्यों ने शनिवार की सुबह मुंबई के मारोल नाका, अंधेरी ईस्ट इलाके में रैली निकाली | करीब 50 प्रदर्शक वहां मौजूद थे, उन्होंने आरजे मलिष्का के मास्क पहने थे और खराब सड़कों के लिए वो बीएमसी के खिलाफ स्लोगन्स दिखा रहे थे|
प्रदर्शनकारी निकोलस अलमीडा ने कहा- सड़कों की हालत बहुत खराब है, यहां सड़कें दिखती ही नहीं है , बीएमसी को इसके लिए कुछ करना चाहिए| आरजे मलिष्का के पास बीएमी के खिलाफ जाने का पूरा हक है | शिवसेना मलिष्का के खिलाफ जा रही है, यह पूरा गुंडाराज है.
दूसरे प्रदर्शनकारी गॉडफ्रे पीमेंटा ने कहा- मुंबई के लोगों को ट्रैवल करने के दौरान बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है | दक्षिण मुंबई की सड़कें अच्छी हैं, जबकि उपनगरों की सड़कों के हालात खराब हैं,यह भेदभाव है |
एक गाने से शुरू हुआ मामला
मलिष्का ने हाल ही में मुंबई में सड़कों के गड्ढों को लेकर बीएमसी पर निशाना साधते हुए एक गाना बनाया था | इस वीडियो से बीएमसी को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी और पिछले 25 साल से BMC की कुर्सी पर बैठी शिवसेना को यह वीडियो नागवार गुजरा था |
हर साल बारिश में सड़कों पर गड्ढों की भरमार और उसमें भरे पानी से लोगों को जीना मुश्किल हो जाता है | इसी मुद्दे पर मलिष्का ने वीडियो के जरिए मुंबई के लोगों से पूछा था कि क्या उन्हें बीएमसी पर भरोसा नहीं है, वीडियो को लोगों ने काफी पसंद किया था |