भोपाल| मध्य प्रदेश में कांग्रेस के अंदरखाने चल रही खींचतान और बयानबाजी के बीच नए पीसीसी चीफ के प्रबल दावेदार कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच होने वाली मुलाकात फिलहाल टल गई है| इस मुलाकात को लेकर भाेपाल से लेकर दिल्ली तक सियासत गर्म थी| लेकिन मुलाक़ात टलने से यह मामला फिर अटकता हुआ नजर आ रहा है|
पार्टी आलाकमान मुख्यमंत्री कमलनाथ और सिंधिया की सहमति से प्रदेश का नया अध्यक्ष तय करना चाहता है। विदेश से लौटते ही ज्योतिरादित्य सिंधिया की सोनिया गाँधी से मुलाकात होना थी| मप्र के लिहाज से इस बैठक को अहम माना जा रहा था। क्योंकि पीसीसी चीफ का फैसला भी जल्द होना है। जिसके लिए सिंधिया खेमा मजबूत दावेदारी कर रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ राष्ट्रीय अध्यक्ष से मप्र के मसले पर चर्चा कर चुके हैं। इस बीच दिल्ली से यह खबर आ रही है कि सिंधिया मंगलवार को सोनिया गाँधी से नहीं मिलेंगे|