Homeप्रमुख खबरेंकम्युनिटी मेडीसन पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कॉन्फ्रेंस 27 व 28 नवम्बर...

कम्युनिटी मेडीसन पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कॉन्फ्रेंस 27 व 28 नवम्बर को

जीआरएमसी के तत्वावधान में हो रही है 12वीं साउथ सेंट्रल जोन आईएपीएसएम कॉन्फ्रेंस

विधानसभा अध्यक्ष  तोमर के मुख्य आतिथ्य एवं उपमुख्यमंत्री  शुक्ल की अध्यक्षता में 27 नवम्बर को होगा शुभारंभ

ग्वालियर, 26 नवंबर 2026/ गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा 27 से 28 नवंबर तक 12वीं साउथ सेंट्रल जोन इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन कॉन्फ्रेंस (XII SCZ-IAPSMCON 2026) का आयोजन किया जा रहा है।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय स्तर की इस कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य तथा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा व लोक स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में 27 नवम्बर को दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है।

इस प्रतिष्ठित चिकित्सकीय शैक्षणिक महाकुंभ में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश भर के विभिन्न राज्यों से 400 से अधिक प्रख्यात जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सा शिक्षक, नीति निर्माता, शोधकर्ता और स्नातकोत्तर छात्र सहभागिता करेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल एवं आयोजन सचिव डॉ. अवधेश दिवाकर ने बताया कि इस वर्ष कॉन्फ्रेंस की मुख्य थीम “बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में क्रांतिः नीति, व्यवहार और जन-भागीदारी का एकीकरण” (Revolutionizing Public Health for Changing India: Integrating Policy, Practice & People) रखी गई है।
आयोजन के संरक्षक मंडल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त श्री धनराजू एस, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. सलोनी सिडाना, चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ. अरुणा कुमार तथा जीआरएमसी के अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आर. के. एस. धाकड़ शामिल हैं।
वर्ष 1946 में स्थापित मध्य प्रदेश के प्रथम चिकित्सा महाविद्यालय गजराराजा मेडीकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग (स्थापना 1949) ने अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप इस सम्मेलन को यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी की है।

वैज्ञानिक सत्र एवं चर्चा के प्रमुख विषय

दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़े कई समसामयिक और गंभीर विषयों पर गहन मंथन, पैनल चर्चा और शोध पत्रों की प्रस्तुति होगी। प्रमुख वैज्ञानिक उप-विषयों में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, संचारी एवं गैर-संचारी रोग, डिजिटल हेल्थ और डेटा एकीकरण, जलवायु परिवर्तन का स्वास्थ्य पर प्रभाव, वन हेल्थ, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा तथा स्वास्थ्य नीतियां शामिल हैं।
इस सम्मेलन में आईएपीएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अतुल कोतवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कम्युनिटी मेडीसन के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments